Home Latest News & Updates Rupee vs Dollar:डॉलर के मुकाबले रुपये में दिखी मजबूती

Rupee vs Dollar:डॉलर के मुकाबले रुपये में दिखी मजबूती

by Live India
Rupee vs Dollar

रुपया बनाम डॉलर: पश्चिम एशिया में जारी तनाव को कम और खत्म करने की तैयारी जोरों पर दिख रही है. अमेरिकी प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में कहा है कि उनकी ईरान के साथ तेजी के साथ बातचीत हो रही है. इन्होंने यह भी बताया कि लेबनान में इजरायल और हिजबुल्लाह ने अपनी जंग और हमले को रोकने की बात कही है. इस बीच आज मार्केट खुलते ही रुपये में मजबूती दिखी. अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय करेंसी में 16 पैसे की मजबूती दर्ज की गई.

95.03 पर कारोबार करते हुए दिखा रुपया

आज मंगलवार को अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में, रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले तेजी में दिखा. भारतीय करेंसी डॉलर की तुलना में 95.16 पर खुली. उसके बाद शुरुआती कारोबार में 95.03 तक पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव से 16 पैसे अधिक है. बता दें कि सोमवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 34 पैसे गिरकर 95.19 पर बंद हुआ था.

इस बीच विदेशी मुद्रा व्यापारियों का कहना है कि जोखिम से बचने की थोड़ी सी भावना के चलते आज सुबह डॉलर और रुपये की जोड़ी सकारात्मक रुख के साथ खुली. हालांकि, पश्चिम एशिया को लेकर बनी अनिश्चितता वित्तीय बाजारों और ऊर्जा की कीमतों पर अपना असर डाल रही है.

क्या कहते हैं एक्सपर्ट?

एक्सपर्ट और सीआर फॉरेक्स एडवाइजर्स के एमडी अमित पबारी ने कहा कि मार्केट के निवेशक अपना ध्यान अब अहम घटनाओं पर केंद्रित कर रहे हैं जो हमारे देश के करीब हैं – पहली घटना 5 जून को निर्धारित आरबीआई का नीतिगत निर्णय है और दूसरी घटना भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच चल रही व्यापार वार्ता है.

बता दें कि अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि ब्रेंडन लिंच के नेतृत्व में एक अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल इस सप्ताह नई दिल्ली में भारतीय अधिकारियों के साथ बातचीत शुरू करेगा, क्योंकि दोनों देश व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा, “बाजार टैरिफ संबंधी मुद्दों और व्यापक व्यापार सहयोग पर होने वाली किसी भी प्रगति पर बारीकी से नजर रखेंगे.”

शेयर बाजार का हाल

भारतीय शेयर बाजार की बात करें तो आज इसकी ओपनिंग गिरावट के साथ हुई. मार्केट के दोनों इंडेक्स में गिरावट देखी गई. मंगलवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 296.19 अंक गिरकर 73,971.30 पर आ गया. वहीं, निफ्टी 103.30 अंक गिरकर 23,272.25 पर पहुंच गया. स्टॉक एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने सोमवार को शुद्ध आधार पर 3,911.68 करोड़ रुपये के शेयर बेचे.

Stock Market Today: गिरावट के साथ बाजार की ओपनिंग, सेंसेक्स 400 अंक टूटा; निफ्टी 23300 के नीचे

समाचार स्रोत: पीटीआई

Related Articles