Home Latest News & Updates 24 भारतीय क्रू वाले जहाज पर हमला

24 भारतीय क्रू वाले जहाज पर हमला

by Live India
US Attack On Settebello

सेट्टेबेलो पर अमेरिकी हमला: पश्चिम एशिया में जारी जंग और तनाव ने इसके आसपास के किसी भी इलाके, समुद्री रास्ता और तट को भी असुरक्षित कर दिया है. कब, कौन और किसपर हमला कर दे यह किसी को पता नहीं है. इस बीच एक बड़ी खबर सामने आई है.

अमेरिकी सेना के द्वारा एक बार फिर से भारतीय चालक दल के एक और जहाज को निशाना बनाया गया है. मिली जानकारी के अनुसार, भारत ने बुधवार को ओमान तट के पास एक वाणिज्यिक पोत पर अमेरिकी सैन्य हमले के खिलाफ कड़ा विरोध जताया.

इसके साथ ही नई दिल्ली ने अमेरिकी चार्ज डी’अफेयर्स को तलब किया, जिसमें 24 भारतीय चालक दल के सदस्यों में से तीन लापता हो गए. सूत्रों के अनुसार, चार्ज डी’अफेयर्स जेसन मीक्स को इस घटना पर विरोध का राजनयिक नोट या डिमार्श सौंपा गया था.

बता दें कि बीते मंगलवार को भारतीय तटरक्षक बल (ICG) ने बताया था कि ओमान के तट पर पलाऊ ध्वज वाले एक व्यापारिक टैंकर पर “मिसाइल हमला” हुआ था. उन्होंने बताया था कि हमले के बाद ओमान के अधिकारियों के साथ बातचीत कर जहाज के 24 भारतीय चालक दल के सदस्यों को बचा लिया गया था. यह हमला भी अमेरिका ने किया था. अब एक और अमेरिकी हमले की खबर सामने आई है.

सेट्टेबेलो पर अमेरिकी हमले में 3 भारतीय लापता

न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, वाणिज्यिक पोत सेट्टेबेलो (Commercial Vessel Settebello) पर हमला उस घटना के दो दिन बाद हुआ, जब 24 भारतीयों को ले जा रहे पालाऊ ध्वज वाले एक पोत पर अमेरिकी नौसेना ने हमला किया था, जब वह जहाज ईरानी बंदरगाहों की अमेरिकी नाकाबंदी से बचने की कोशिश कर रहा था.

अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने जहाज पर हुए हमले की पुष्टि की और कहा कि उसने ईरान से तेल परिवहन करने का प्रयास करके ईरानी बंदरगाहों की चल रही अमेरिकी नाकाबंदी का उल्लंघन किया है.

एक बयान में कहा गया, “अमेरिकी केंद्रीय कमान ने ओमान की खाड़ी से गुजरते समय पलाऊ ध्वज वाले एम/टी सेट्टेबेलो जहाज को निष्क्रिय कर दिया. चालक दल द्वारा अमेरिकी सेना के निर्देशों का बार-बार पालन न करने के बाद, एक अमेरिकी विमान ने जहाज के इंजन कक्ष में सटीक गोलाबारी की”

विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?

अमेरिका के द्वारा वाणिज्यिक पोत सेट्टेबेलो पर हमले की भारत ने कड़ी निंदा की है. बुधवार को विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में रहा, “हम आज सुबह ओमान के तट पर वाणिज्यिक पोत सेट्टेबेलो पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हैं. पोत पर सवार 24 भारतीय चालक दल के सदस्यों में से 21 भारतीयों को अब तक बचा लिया गया है और तीन भारतीय लापता बताए जा रहे हैं.” विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर विदेश मंत्रालय के बयान को शेयर भी किया है.

विदेश मंत्रालय ने कहा कि ओमान स्थित भारतीय दूतावास स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है और चल रहे सर्च रेस्क्यू ऑपरेशन में स्थानीय अधिकारियों के साथ सक्रिय रूप से समन्वय कर रहा है. विदेश मंत्रालय ने कहा, “क्षेत्र में जहाजों पर हमलों की लगातार घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और ये क्षेत्र में चल रहे संघर्ष का सीधा परिणाम हैं.”

वहीं, अपनी आधिकारिक प्रतिक्रिया में, भारत ने हमले की कड़ी निंदा की और कहा कि पश्चिम एशिया में वाणिज्यिक जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए. भारत ने आगे कहा कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों के माध्यम से निर्बाध और स्वतंत्र नौवहन को जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए.

बता दें कि जहाज पर यह हमला ईरान और इजरायल के बीच नए सिरे से पनपी शत्रुता के बीच हुई है. ईरान द्वारा उत्तरी इजरायल पर मिसाइलें दागे जाने के बाद इजरायल ने पश्चिमी और मध्य ईरान में हवाई हमले किए.

समाचार स्रोत: पीटीआई

Related Articles