Home Latest News & Updates 12 भारतीय समेत कुल 13 की दर्दनाक मौत

12 भारतीय समेत कुल 13 की दर्दनाक मौत

by Live India
Qatar Explosion News

कतर विस्फोट समाचार: बीते रविवार को कतर के रास लाफान औद्योगिक शहर में एक एलएनजी फैक्ट्री में बड़ा धमाका हो गया. इस हादसे में कुल 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और 66 लोग घायल हो गए. मरने वाले कुल 13 लोगों में से 12 भारतीय नागरिक हैं. संबंधित कंपनी ने एक बयान में कहा कि तत्काल रखरखाव की आवश्यकताओं के कारण बरजान का उत्पादन दिसंबर 2025 से पूरी तरह से बंद था और घटना से दो दिन पहले इसे पहली बार फिर से शुरू किया गया था.

न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार को अधिकारियों ने बताया कि कतर के रास लाफान औद्योगिक शहर में एक कारखाने में हुए विस्फोट में मारे गए 13 लोगों में 12 भारतीय शामिल थे. दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने सोमवार को एक पोस्ट में कहा, “कतर के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि कल रात रास लाफान की घटना में दुर्भाग्यवश 12 भारतीय नागरिकों की मौत हो गई है.”

भारतीय दूतावास ने पीड़ितों के लिए क्या कहा?

कतर के अधिकारियों का हवाला देते हुए भारतीय मिशन ने कहा कि सभी घायल स्थिर स्थिति में हैं और उन्हें उचित इलाज मिल रहा है. भारतीय दूतावास के बयान में कहा गया, “हमारा दूतावास कतर के अधिकारियों के साथ मिलकर इस घटना से प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए काम कर रहा है, जिसमें मृतकों के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत भेजना सुनिश्चित करना भी शामिल है.”

घायलों में भारत सहित इन देशों के नागरिक शामिल

जानकारी के अनुसार, कतर एनर्जी एलएनजी द्वारा संचालित रस लाफान औद्योगिक शहर में स्थित बरजान स्थानीय गैस आपूर्ति संयंत्र में हुए विस्फोट में भारतीयों सहित 66 लोग घायल हो गए.

सोमवार को, एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान, कतर के ऊर्जा मंत्री साद बिन श्रीदा अल-काबी ने पुष्टि की कि इस घटना में भारतीय और पाकिस्तानी मूल के 13 लोगों की मौत हो गई है. अधिकारियों के अनुसार, घायल हुए लोग कतर, भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, केन्या, घाना, तंजानिया, नाइजीरिया और नेपाल के नागरिक हैं. कतर सरकार पीड़ित नागरिकों के देश व दूतावास से संपर्क कर आगे की कार्रवाई व सहयोग करने में लगी हुई है.

तकनीकी खराबी की वजह से हादसा- गृह मंत्रालय

वहीं, एक अलग बयान में, कतर गृह मंत्रालय ने कहा कि यह घटना अभियान के दौरान हुई “तकनीकी खराबी” के कारण हुई, जिसके परिणामस्वरूप 13 लोगों की मौत हो गई और विभिन्न देशों के 66 अन्य लोग घायल हो गए. कतर, भारत समेत अन्य देशों ने इस विस्फोट हादसे पर गहरा दुख जताया है.

US-ईरान वार्ता के बीच कतर के गैस टर्मिनल में बड़ा धमाका, 54 लोग घायल, 18 लापता

समाचार स्रोत: पीटीआई

Related Articles