Home Latest News & Updates गिरावट के बाद आज रुपये में दिखी मजबूती

गिरावट के बाद आज रुपये में दिखी मजबूती

by Live India
Rupee Today

रुपया आज: बीते कारोबारी सत्र यानी मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में 48 पैसे की गिरावट दर्ज की गई थी. इसके बाद आज बुधवार को रुपये में मजबूती दिखी है.

जी हां, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और डॉलर के कमजोर होने के बीच बुधवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 5 पैसे मजबूत दिखा. आइए जानते हैं कि रुपये की इस चाल पर एक्सपर्ट ने क्या कहा है.

रुपये में 5 पैसे की मजबूती

आज बुधवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 5 पैसे बढ़कर 96.11 पर पहुंच गया. 15 जुलाई को अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में, रुपया 96.12 पर खुला और पिछले बंद भाव से 5 पैसे बढ़कर 96.11 पर पहुंच गया.

बता दें कि मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय करेंसी में 48 पैसे की गिरावट आई थी. यह 96.16 पर कारोबार करते हुए बंद हुई थी.

मंगलवार को रुपये पर काफी दबाव पड़ा- एक्सपर्ट

जानकार और विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और एफआईआई की निकासी ने स्थानीय मुद्रा में तेज वृद्धि को रोक दिया, जबकि घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक शुरुआत ने इसे समर्थन दिया.

वहीं, एक्सपर्ट और फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के ट्रेजरी प्रमुख और कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा, “मंगलवार को रुपये पर काफी दबाव पड़ा और यह मई के बाद पहली बार 96 के स्तर से नीचे गिर गया.” उन्होंने आगे कहा, “कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों, अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में वृद्धि और भू-राजनीतिक तनावों के कारण डॉलर की तेज मांग बढ़ी. अमेरिका-ईरान संघर्ष के तेज होने के बाद ब्रेंट क्रूड एक महीने से अधिक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया.” एक्सपर्ट ने कहा कि रुपया 95.90-96.50 के दायरे में कारोबार करने के लिए तैयार है.

कच्चे तेल और शेयर बाजार के हाल

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 1.10 प्रतिशत बढ़कर 85.66 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल हो गया. मतलब कि एक बैरल कच्चे तेल की कीमत 85.66 अमेरिकी डॉलर हो गई है.

वहीं, घरेलू शेयर बाजार की बात करें तो, शुरुआती कारोबार में शेयर बाजारों में तेजी देखी गई. सेंसेक्स 553 अंक बढ़कर 77,603.57 पर और निफ्टी 148.15 अंक बढ़कर 24,198.40 पर पहुंच गया. स्टॉक एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों(FIIs) ने मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार में 739.69 करोड़ रुपये के शेयर बेचे.

Rupee Vs Dollar: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव से रुपये को झटका! डॉलर के मुकाबले 48 पैसों की गिरावट

समाचार स्रोत: पीटीआई

Related Articles