11
झारखंड अपराध: झारखंड के चतरा से रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जहां पुलिस अधीक्षक (SP) आवास के बाहर महज ‘खैनी’ के विवाद में एक निजी सुरक्षाकर्मी ने अपने ही साथी गार्ड की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी. यह खूनी झड़प तब हुई जब बिहार के बेलागंज से विधायक मनोरमा देवी के बेटे और नामचीन ठेकेदार रॉकी यादव चतरा SP से मिलने पहुंचे थे. गार्ड्स के बीच खैनी को लेकर शुरू हुई मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक हो गई. आवेश में आकर उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी गार्ड बलवीर सिंह ने अपने साथी पर फायरिंग कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
हथियार सहित आरोपी गिरफ्तार
हाई-सिक्योरिटी जोन में हुई इस वारदात से वहां हड़कंप मच गया. मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी बलवीर सिंह को तुरंत गिरफ्तार कर हथियार ज़ब्त कर लिया. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. SP अनिमेष नैथानी ने बताया कि बलवीर की गोली लगने से बिहार के बक्सर ज़िले के रहने वाले अतुल कुमार की मौके पर ही मौत हो गई. SP अनिमेष नैथानी ने PTI को बताया कि आरोपी को गिरफ़्तार कर लिया गया है और अपराध में इस्तेमाल हथियार ज़ब्त कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया.
पूरे इलाके में बढ़ी सुरक्षा
DSP सुनील कुमार सिंह ने बताया कि ठेकेदार, उनके ड्राइवर और उनके साथ आए बिहार पुलिस के एक जवान को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है.DSP ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और कहा कि अतुल के बार-बार ‘खैनी’ (तंबाकू) मांगने पर गुस्से में आकर उसने उसे गोली मार दी. पुलिस अधीक्षक के ऑफिस और आवास वाले हाई-सिक्योरिटी ज़ोन में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने सुरक्षा इंतज़ामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पुलिस के सीनियर अधिकारी हालात पर नज़र रखे हुए हैं, जबकि स्थानीय लोग दहशत में हैं.
नामचीन ठेकेदार का बॉडीगार्ड था आरोपी
पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है. बताया जाता है कि चतरा बाईपास के निर्माण कार्य की देखरेख कर रहे ठेकेदार रॉकी यादव पुलिस अधीक्षक से किसी काम के सिलसिले में मिलने उनके आवास पर पहुंचे थे. इस दौरान दो बॉडीगार्ड गाड़ी के बाहर इंतज़ार कर रहे थे. किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया. कहासुनी जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई और आरोपी बलवीर सिंह ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से अतुल कुमार के सिर में गोली मार दी. अतुल कुमार की मौके पर ही मौत हो गई.
साड़ी न खरीदने पर पति की बेरहमी से हत्या, पत्नी ने कुकर के ढक्कन से पीट-पीटकर मार डाला! गिरफ्तार
समाचार स्रोत: पीटीआई
