52
भारी वर्षा: गुजरात में लगातार हो रही बारिश के बीच भारत मौसम विभाग ने 25 जुलाई के लिए राज्य के कई जिलों में भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के अहमदाबाद केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर, मध्य और पूर्वी गुजरात के कई जिलों में अत्यधिक बारिश की संभावना है. इसे देखते हुए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है. प्रशासन को सतर्क रहने तथा नागरिकों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग के अनुसार साबरकांठा, अरावली, महिसागर, पंचमहल, सुरेंद्रनगर और खेड़ा जिलों में रेड अलर्ट घोषित किया गया है. इन जिलों में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है, जिससे जलभराव, निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति और यातायात प्रभावित होने की आशंका है.
बनासकांठा, पाटन, मेहसाणा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
वहीं बनासकांठा, पाटन, मेहसाणा, गांधीनगर, अहमदाबाद, आनंद, वडोदरा, छोटाउदेपुर, दाहोद, मोरबी, राजकोट, बोटाद, भावनगर, अमरेली और भरूच जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. स्थानीय प्रशासन को राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं. इसके अलावा कच्छ, जामनगर, देवभूमि द्वारका, पोरबंदर, जूनागढ़, गिर सोमनाथ, सूरत, तापी, नवसारी, वलसाड, डांग और नर्मदा जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में भी कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
आवश्यक होने पर ही यात्रा की सलाह
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण नदियों और जलाशयों का जलस्तर बढ़ सकता है. निचले इलाकों में जलभराव, पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने तथा सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की संभावना बनी हुई है. ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि वे नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा केवल आवश्यक होने पर ही यात्रा करें. राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने भी सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा है. आपदा प्रबंधन, नगर निगम, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और बिजली विभाग को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं.
मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित
नागरिकों से मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की गई है. गौरतलब है कि पिछले दो दिनों से गुजरात के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है. अहमदाबाद समेत कई शहरों में जलभराव, ट्रैफिक जाम और रेल सेवाओं पर असर देखने को मिला. ऐसे में 25 जुलाई के लिए जारी यह नया अलर्ट प्रशासन और लोगों दोनों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
गुजरात में भारी बारिश से स्कूल-कॉलेज बंद, ट्रेनें रद्द, 38 हजार लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए, सेना ने संभाला मोर्चा
