1
भारी वर्षा: गुजरात में 31 जुलाई से 2 अगस्त के बीच भारी से अति भारी बारिश की संभावना को देखते हुए राज्य सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है. संभावित आपदा से निपटने के लिए गांधीनगर स्थित स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर में अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. जयंति रवि की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के कई जिलों के कलेक्टरों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई. बैठक में अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, भावनगर, भरूच, आनंद, नर्मदा, तापी, डांग, छोटा उदयपुर, पंचमहल, दाहोद और महीसागर जिलों की स्थिति पर चर्चा की गई.
NDRF और SDRF रहेंगी तैनात
डॉ. जयंति रवि ने सभी संबंधित जिलों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए. उन्होंने प्रभावित जिलों में अधिकारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द करने के आदेश दिए हैं. साथ ही प्रत्येक जिले में 24×7 कंट्रोल रूम सक्रिय रखने और एक वरिष्ठ अधिकारी को लगातार निगरानी की जिम्मेदारी सौंपने के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन को यह भी कहा गया है कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित निर्णय लेकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जाएं. सरकार ने संवेदनशील और निचले इलाकों में जरूरत के अनुसार NDRF और SDRF की टीमों को तैनात रखने के निर्देश दिए हैं. कहा कि यदि किसी क्षेत्र में जलभराव या बाढ़ जैसी स्थिति बनती है तो लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था की जाए. राहत शिविरों में भोजन, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा सुविधा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं.
खतरनाक होर्डिंग्स, बैनर और साइनबोर्ड हटाने के निर्देश
डॉ. जयंति रवि ने कहा कि स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए जिला कलेक्टर अपने-अपने जिलों में स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित करने का निर्णय ले सकते हैं. साथ ही मौसम और प्रशासनिक निर्णयों की सही एवं समय पर जानकारी मीडिया और अन्य माध्यमों से नागरिकों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि किसी तरह की अफवाह न फैले. इस बीच राहत आयुक्त गौरांग मकवाणा ने बताया कि राज्यभर में खतरनाक होर्डिंग्स, बैनर और साइनबोर्ड तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए हैं. जर्जर इमारतों और जोखिम वाले निर्माणों की पहचान कर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने को भी कहा गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरी सरकारी मशीनरी हाई अलर्ट पर है और हर जिले में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
घरों से बाहर न निकलने की अपील
उधर, भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए अहमदाबाद जिला प्रशासन ने 31 जुलाई को बड़ा फैसला लिया है. जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी कर जिले के सभी सरकारी, अनुदानित और निजी स्कूलों तथा कॉलेजों में 31 जुलाई को अवकाश घोषित किया है. यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है. जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी शैक्षणिक संस्थानों को निर्देश दिए हैं कि वे व्हाट्सएप, एसएमएस और अन्य उपलब्ध माध्यमों से अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को अवकाश की सूचना तुरंत पहुंचाएं. प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि आगे मौसम की स्थिति की समीक्षा के बाद आवश्यकतानुसार अगले निर्णय लिए जाएंगे. प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि आगामी दिनों में अत्यंत आवश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलें, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा जिला प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें.
असम में बाढ़ से बेपटरी हुई जिंदगी, हालात बेहद गंभीर, 13,000 घरों में अब भी अंधेरा, संक्रामक रोगों का बढ़ा खतरा
