107
चंडीगढ़ समाचार: चंडीगढ़ के सेक्टर-49 थाने की पुलिस ने अमृतपाल सिंह और अन्य बंदी सिंहों की रिहाई की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे नेताओं और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. यह कार्रवाई 29 जुलाई 2026 को सेक्टर 50/51/44/45 चौक पर बिना अनुमति निकाले गए मार्च, पुलिस के साथ झड़प और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोपों के तहत की गई है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई को दोपहर करीब 1 बजे ‘अकाली दल (वारिस पंजाब दे)’ से जुड़े लगभग 2,500 से 3,000 कार्यकर्ता मुख्य सड़क पर एकत्र हुए थे. प्रदर्शनकारी हाथों में तलवारें, फरसे, कुल्हाड़ियां, नेजे और पोस्टर लेकर नारेबाजी कर रहे थे. वे बंदी सिंहों की रिहाई की मांग कर रहे थे और पंजाब के मुख्यमंत्री के आवास का घेराव करने का ऐलान कर रहे थे.
प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया
मौके पर मौजूद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया कि इलाके में बीएनएसएस (BNSS) की धारा 163 लागू है और बिना अनुमति प्रदर्शन करना गैरकानूनी है. पुलिस ने उन्हें सेक्टर-25 के रैली ग्राउंड में प्रदर्शन करने की सलाह दी. पुलिस का आरोप है कि समझाने के बावजूद प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे.
लोन रिकवरी एजेंट को बुलाकर मारा चाकू, पुलिस ने आरोपी को 24 घंटे में पकड़ा; ये था पूरा मामला
कैनन और हल्का बल प्रयोग किया
ड्यूटी मजिस्ट्रेट की अनुमति के बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वॉटर कैनन और हल्का बल प्रयोग किया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने वॉटर कैनन वाहन (CH01GA0422) पर चढ़कर उसकी नोजल को क्षतिग्रस्त कर दिया. इस घटना में वॉटर कैनन के चालक एएसआई गुरजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जीएमएसएच सेक्टर-16 अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहीं, कई अन्य पुलिसकर्मियों को भी मामूली चोटें आई हैं.
एफआईआर में शामिल प्रमुख नेताओं के नाम
- मनप्रीत सिंह अयाली (विधायक)
- सतिंदरजीत सिंह गिल
- कबल सिंह भुल्लर
- जगदीप सिंह कंसाला
- इकबाल सिंह संधू
- परमजीत सिंह जोहल
- अजीब सिंह मखमैलपुर (पूर्व विधायक)
- चमकौर सिंह धुन्न
- इमान सिंह खारा (एडवोकेट)
- जसविंदर सिंह द्रोली
- इकबाल सिंह झूंदा
- करनैल सिंह पंजोली
- लखा सिधाना
- भाना सिद्धू
- लखवीर सिंह लखा
इस मामले में चंडीगढ़ के सेक्टर-49 थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धाराओं 121(1), 132 और 223 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने केस की आगे की जांच शुरू कर दी है.
बाइकसवारों की बस इतनी सी गलती… जज की कार को किया ओवरटेक और हो गए गिरफ्तार
