14
यूक्रेन पर रूस का हमला: बीते चार साल से अधिक समय से रूस और यूक्रेन के बीच जंग जारी है. दोनों ही देश एक-दूसरे पर रुक-रुक कर हमला करते रहते हैं. इस बीच यूक्रेन की राजधानी कीव से एक बड़ी खबर सामने आई है. न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार रात को रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर बड़ा हमला किया है.
रूसी सेना ने यूक्रेन पर यह हमला मिसाइल और ड्रोन से किया है. अभी तक की जानकारी के अनुसार, रूस के इस हमले में अभी तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं, 50 से अधिक को घायल बताए जा रहे हैं. आने वाले समय में मरने और घायलों की संख्या में बदलाव दिख सकता है. रूसी हमले में कीव के रेजिडेंशियल इमारतों को नुकसान हुआ है. आइए जानते हैं पूरी खबर.
11 लोगों की मौत 58 लोग घायल- यूक्रेन
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, कीव में अधिकारियों ने बताया कि रूस ने मंगलवार रात यूक्रेन पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया, जिसमें कम से कम 11 लोग मारे गए, दर्जनों घायल हुए और अन्य फंस गए. यूक्रेन की इमरजेंसी सेवा ने टेलीग्राम पर एक बयान में कहा कि कीव में कम से कम चार लोग मारे गए हैं और तीन बच्चों सहित 58 लोग घायल हो गए हैं. राजधानी के आठ जिलों में आवासीय इमारतों और अन्य नागरिक इंफ्रास्ट्रक्चर को काफी नुकसान पहुंचा है.
धमाकों की गूंज लगभग पूरी रात और सुबह तक सुनाई देती रही. यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की द्वारा रूस की ओर से नए सिरे से हमले की तैयारी की चेतावनी थी. उनके द्वारा लोगों से हवाई हमले की चेतावनी के दौरान सतर्क रहने और आश्रय लेने का आग्रह करने के बाद, कीव कई दिनों से एक और बड़े हमले की आशंका में सतर्क था.
कई इमारतों को हुआ नुकसान
जानकारी के अनुसार, यूक्रेन के अन्य हिस्सों में भी हमले की खबरें आईं हैं. आपातकालीन सेवा के अनुसार, मध्य निप्रोपेत्रोव्स्क क्षेत्र में रूसी हमलों में निप्रो शहर पर हमला हुआ, जिसमें कम से कम छह लोग मारे गए और 36 अन्य घायल हो गए. घटनास्थल पर बचाव दल के पहुंचने के दौरान हुए दूसरे हमले में एक बचावकर्मी की मौत हो गई. दो मंजिला आवासीय इमारत और चार मंजिला अपार्टमेंट ब्लॉक का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि बड़ी इमारत के मलबे के नीचे लोग फंसे हुए हैं.
वहीं, पोडिल्स्की जिले में, नौ मंजिला इमारत की ऊपरी मंजिलों को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा, जिससे लोग मलबे के नीचे दब गए. वहीं, सोलोमियांस्की जिले में एक 20 मंजिला इमारत और एक 24 मंजिला इमारत क्षतिग्रस्त हो गई. इस बीच यूक्रेन के अधिकारी रूस के बैलिस्टिक मिसाइल हमलों का मुकाबला करने के लिए सहयोगी देशों से अधिक हवाई रक्षा मिसाइलों की मांग कर रहे हैं.
‘बेरूत में कोई भी सेना नहीं भेजी जाएगी…’, इजरायल और हिजबुल्लाह से बात कर ट्रंप का बड़ा ऐलान
समाचार स्रोत: पीटीआई
