Home Latest News & Updates एक बार फिर से बढ़ी सीएनजी की कीमत

एक बार फिर से बढ़ी सीएनजी की कीमत

by Live India
CNG Price Hiked

सीएनजी की कीमत में बढ़ोतरी: केवल 10 दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में तीसरी बार बढ़ोतरी होने के बाद आज शनिवार को सीएनजी के दाम फिर से बढ़ गए हैं. जी हां, शनिवार को सीएनजी की कीमत प्रति किलो एक रुपये महंगी हो गई है. इसके दाम बढ़ने से सीएनजी पर चलने वाले वाहन जैसे- कैब, ऑटो और प्राइवेट गाड़ियों के मालिकों व ड्राइवरों पर इसका असर पड़ेगा. उन्हें अपने वाहन में सीएनजी को भरवाने के लिए अब पहले से अधिक पैसे देने होंगे.

बता दें कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव की वजह से दुनिया भर की एनर्जी सप्लाई के लिए अहम स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बाधित हो गया है. इस समुद्री मार्ग पर ईरान की नाकेबंदी की बात कही जा रही है. इस वजह से हजारों की संख्या में कच्चे तेल और गैस लदे जहाज समुद्र में फंसे हुए हैं. इनकी वजह से तेल के साथ गैस के दामों में भी बढ़ोतरी हो रही है. इस बीच भारत में एक बार फिर से सीएनजी की कीमत बढ़ा दी गई है.

दिल्ली-नोएडा में सीएनजी के ताजा भाव

पर्यावरण को संरक्षित रखने और दिल्ली जैसे शहरों में प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए लोगों के बीच सीएनजी से चलने वाली गाड़ियों को लेकर बीते कई वर्षों से जागरूकता फैलाई जा रही है. इसका फायदा भी देखने को मिल रहा है. लेकिन इस बीच सीएनजी के बढ़ते दाम ने लोगों की जेब को ढीली करना शुरू कर दिया है. आज शनिवार को पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब सीएनजी के दाम एक बार फिर से बढ़ा दिए गए हैं.
सीएनजी प्रति किलो एक रुपये महंगी हो गई है. देश की राजधानी दिल्ली की बात करें तो यहां कल शुक्रवार तक जो सीएनजी 80.09 रुपये प्रति किलो मिल रही थी, आज वह बढ़कर 81.09 रुपये प्रति किलो के भाव पर पहुंच गई है. वहीं, नोएडा में 88.70 रुपये से 89.70 रुपये प्रति किलो सीएनजी की कीमत हो गई है.

10 दिनों में तीसरी बार महंगी हुई सीएनजी

बता दें कि बीते दस दिनों में सीएनजी की कीमतों में तीसरी बार बढ़ोतरी हुई है. इससे पहले 17 मई को प्रति किलो एक रुपये की बढ़त की गई थी. वहीं, उससे पहले 15 मई को सीएनजी की कीमत बढ़ाई गई थी. 15 मई को गैस कंपनियों ने 2 रुपये प्रति किलो सीएनजी के दाम बढ़ाईं थीं.

पेट्रोल-डीजल के दाम भी बढ़े

मिली जानकारी के अनुसार, देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में क्रमशः 87 और 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है. मतलब कि पहले के मुकाबले अब पेट्रोल-डीजल और भी महंगे मिलेंगे. यह नए भाव आज शनिवार से पूरे देश में लागू हो चुके हैं. राजधानी दिल्ली की बात करें तो यहां पेट्रोल की कीमत 87 पैसे बढ़कर 98.64 रुपये प्रति लीटर से अब 99.51 रुपये प्रति लीटर हो गई है. वहीं, डीजल की कीमत में 91 पैसे की बढ़ोतरी हुई है, जिससे यह 91.58 रुपये से बढ़कर अब 92.49 रुपये हो गई है.

समाचार स्रोत: पीटीआई

Related Articles