Home News कॉल के बाद गुस्से में नेतन्याहू

कॉल के बाद गुस्से में नेतन्याहू

by Live India
कॉल के बाद गुस्से में नेतन्याहू

ट्रम्प नेतन्याहू फ़ोन कॉल: ईरान और अमेरिका के बीच जारी संघर्ष को अब समझौते के साथ खत्म करने की बात कही जा रही है. अमेरिका चाहता है कि पश्चिम एशिया संकट का डील के साथ समाधान हो, लेकिन इजरायल का रुख इसपर कुछ अलग ही देखने को मिल रहा है. इस बीच अमेरिकी प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान युद्ध को लेकर फोन पर बातचीत की है. जानकारी के अनुसार, ट्रंप के साथ फोन कॉल के बाद इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू गुस्से में दिखे.

न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट में बुधवार को अमेरिकी मीडिया आउटलेट एक्सियोस के हवाले से बताया गया है कि ट्रंप के साथ मंगलवार को हुई फोन कॉल के बाद नेतन्याहू बेहद गुस्से में थे और इजरायली प्रधानमंत्री ईरान की सैन्य क्षमताओं को और कम करने और उसके महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर को नष्ट करके शासन को कमजोर करने के लिए हमलों को फिर से शुरू करने के इच्छुक थे.

युद्ध को फिर से शुरू करना चाहता है इजरायल

एक्सियोस ने सूत्रों के हवाले से बताया कि अमेरिका और ईरान के बीच की खाई को पाटने की कोशिश में कतर और पाकिस्तान ने अन्य क्षेत्रीय मध्यस्थों के सुझावों के साथ एक संशोधित शांति ज्ञापन का मसौदा तैयार किया. नेतन्याहू वार्ता को लेकर बेहद संशय में हैं और ईरान की सैन्य क्षमताओं को और कम करने व उसके महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर को नष्ट करके शासन को कमजोर करने के लिए युद्ध को फिर से शुरू करना चाहते हैं.

अमेरिका चाहता है समझौता

अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच ईरान के खिलाफ युद्ध की भविष्य की दिशा को लेकर फोन कॉल हुई, यह दोनों नेताओं के बीच काफी तनावपूर्ण रही क्योंकि अमेरिका हमलों को फिर से शुरू करने के बजाय एक समझौते के पक्ष में प्रतीत होता है.

वहीं, ट्रंप ने रविवार को कहा कि उन्होंने कतर और यूएई सहित अरब देशों के अनुरोध के बाद मंगलवार को ईरान पर होने वाले हमलों को टाल दिया है. ट्रंप लगातार कह रहे हैं कि उन्हें लगता है कि समझौता हो सकता है, लेकिन अगर ऐसा नहीं हुआ तो वह युद्ध फिर से शुरू करने के लिए तैयार हैं. ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान के मामले में नेतन्याहू “वही करेंगे जो मैं उनसे करवाना चाहता हूं”, हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उनके बीच अच्छे संबंध हैं.

ईरान के 14 सूत्री प्रस्ताव पर बातचीत जारी

वहीं, ईरान ने कहा है कि वह एक अपडेटेड प्रस्ताव की समीक्षा कर रहा है. ईरान के विदेश मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि “ईरान के 14 सूत्री प्रस्ताव के आधार पर” बातचीत जारी है और पाकिस्तान के गृह मंत्री मध्यस्थता में मदद के लिए तेहरान में मौजूद हैं. इस बातचीत की जानकारी रखने वाले एक अमेरिकी सूत्र ने एक्सियोस को बताया कि ट्रंप ने नेतन्याहू से कहा कि मध्यस्थ एक “इरादा पत्र” पर काम कर रहे हैं जिस पर अमेरिका और ईरान दोनों हस्ताक्षर करेंगे ताकि औपचारिक रूप से युद्ध समाप्त हो सके और ईरान के परमाणु कार्यक्रम और होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने जैसे मुद्दों पर 30 दिनों की बातचीत शुरू हो सके.

यह भी पढ़ें: ‘नरसंहार का कलंकित इतिहास…’, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की पाकिस्तान को कड़ी लताड़

समाचार स्रोत: पीटीआई

Related Articles