Home Latest News & Updates चाइनीज मांझे से गन्ना राज्यमंत्री संजय सिंह के भतीजे का गला कटा

चाइनीज मांझे से गन्ना राज्यमंत्री संजय सिंह के भतीजे का गला कटा

by Live India
Chinese Thread Accident

  • संवाददाता दीपक कुमार की रिपोर्ट

चीनी धागा दुर्घटना: बरेली में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया. गन्ना राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार के 15 वर्षीय भतीजे आदित्य वीर सिंह गंगवार की गर्दन चाइनीज मांझे से बुरी तरह कट गई. हादसा सोमवार सुबह करीब 6 बजे शहर के व्यस्त श्यामगंज फ्लाईओवर पर हुआ. उस समय आदित्य स्कूटी से स्टेडियम जा रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फ्लाईओवर पर अचानक चाइनीज मांझा उसकी गर्दन में उलझ गया जब तक वह कुछ समझ पाता मांझे ने उसकी गर्दन को गंभीर रूप से घायल कर दिया. संतुलन बिगड़ने से वह स्कूटी सहित सड़क पर गिर पड़ा और उसके शरीर से काफी खून बहने लगा.

बच्चे की हालत गंभीर

घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल किशोर को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया और उसके परिजनों को सूचना दी. घायल आदित्य वीर का इलाज ईशान अस्पताल में चल रहा है, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत चिंताजनक बताई है. आदित्य कक्षा 9 का छात्र है. उसके पिता अजय सिंह गंगवार पीलीभीत जिले के ललौरी खेड़ा ब्लॉक के ब्लॉक प्रमुख हैं. जबकि उसकी मां सीमा गंगवार रेलवे विभाग में अधिकारी हैं. आदित्य परिवार का इकलौता बेटा है और उसकी एक छोटी बहन भी है परिवार मूल रूप से पीलीभीत का रहने वाला है. हालांकि बरेली के प्रेमनगर क्षेत्र में भी उनका आवास है.

भड़के गन्ना राज्यमंत्री

हादसे की सूचना मिलते ही पीलीभीत दौरे पर मौजूद गन्ना राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार अपना कार्यक्रम बीच में छोड़कर तुरंत बरेली पहुंचे. अस्पताल में भतीजे की गंभीर हालत देखकर उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों पर नाराजगी जताई उन्होंने कहा कि सरकार पहले ही चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा चुकी है, इसके बावजूद बाजार में इसकी उपलब्धता बेहद गंभीर विषय है. उन्होंने कहा कि डीएम और एसएसपी को बुलाकर पूरे मामले की समीक्षा की जाएगी तथा यह पता लगाया जाएगा कि प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझे की आपूर्ति और बिक्री कैसे हो रही है.

चाइनीज मांझे के खिलाफ अभियान

वहीं एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि जिले में पहले भी चाइनीज मांझे के खिलाफ अभियान चलाया जा चुका है, जिसमें मांझा बनाने और बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई गिरफ्तारियां की गई थीं. उन्होंने कहा कि अब एक बार फिर जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जाएगा और चाइनीज मांझा बेचने स्टोर करने या उसकी आपूर्ति करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

भाई की संदिग्ध मौत के बाद रौशन आनंद सर को मिली जमानत, आज करेंगे दाह संस्कार, 12 दिन जेल में रहे

Related Articles