8
Indian Coast Guard: भारतीय तट रक्षक बल (ICG) ने मुंबई तट से लगभग 100 समुद्री मील पश्चिम में एक बड़े अंतरराष्ट्रीय तेल तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए तीन जहाजों को जब्त किया है.
भारतीय तट रक्षक: भारतीय तट रक्षक बल (ICG) ने मुंबई तट से लगभग 100 समुद्री मील पश्चिम में एक बड़े अंतरराष्ट्रीय तेल तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए तीन जहाजों को जब्त किया है. शनिवार को भारतीय तटरक्षक बल ने कहा कि यह गिरोह संघर्षग्रस्त देशों से सस्ते दाम पर तेल और तेल-आधारित उत्पाद हासिल कर अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में अवैध रूप से उसकी तस्करी कर रहा था. तस्करों ने बीच समुद्र में ही मोटर टैंकरों के जरिए माल स्थानांतरित कर मुनाफा कमाने का एक तरीका विकसित कर लिया था. तटरक्षक बल ने डिजिटल निगरानी और अपनी सक्रिय समुद्री गश्त के माध्यम से इस साहसिक समुद्री अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया. तटरक्षक बल ने कहा कि इस कार्रवाई ने साबित कर दिया कि भारत की समुद्री सुरक्षा काफी सख्त है.भारत की समुद्री सुरक्षा को कोई नहीं भेद सकता. इस अभियान ने वैश्विक समुद्री सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने वाले अवैध नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है.
चालक दल से पूछताछ करने पर खुलासा
तटरक्षक बल ने कहा कि 5 फरवरी को मुंबई से लगभग 100 समुद्री मील पश्चिम में भारतीय तटरक्षक बल के जहाजों द्वारा तीन संदिग्ध जहाजों को रोका गया. इसके बाद लगातार तलाशी, संदिग्ध जहाजों पर मौजूद इलेक्ट्रॉनिक डेटा की जांच, दस्तावेजों के सत्यापन और चालक दल से सख्ती से पूछताछ करने पर तट रक्षक बल की विशेषज्ञ बोर्डिंग टीम को तस्करी का पता लगा. जांच में यह पाया गया कि तटीय राज्यों द्वारा कानून प्रवर्तन कार्रवाई से बचने के लिए ये जहाज अक्सर अपनी पहचान बदलते रहते थे. समुद्री बल को प्रारंभिक जांच में पता चला कि पोत के मालिक अन्य देशों में रहते हैं. इसमें विभिन्न देशों से संचालित होने वाले दलालों का एक बड़ा नेटवर्क शामिल है, जो समुद्री पोतों के बीच बिक्री और हस्तांतरण का समन्वय करते हैं.
भारतीय सीमा शुल्क को सौंपे गए संदिग्ध जहाज
भारतीय तटरक्षक बल ने कहा कि उसके तकनीक आधारित प्रणालियों ने भारतीय विशिष्ट आर्थिक क्षेत्रों में एक मोटर टैंकर की संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाया, जिससे पोत की गतिविधियों की डिजिटल जांच शुरू हुई. तट रक्षक बल ने पोत के करीब आ रहे अन्य पोतों के डेटा पैटर्न का विश्लेषण किया और दो अन्य पोतों को संभावित संदिग्ध के रूप में पहचाना, जो समुद्र में तेल-आधारित कार्गो के अवैध हस्तांतरण में शामिल थे. ये संदिग्ध जहाज भारत सहित तटीय राज्यों को देय महत्वपूर्ण शुल्कों से बच रहे थे. 5 फरवरी को तट रक्षक बल की विशेषज्ञ टीमों ने पोतों पर चढ़कर डिजिटल साक्ष्यों की जांच की. इसके बाद पोतों को जब्त कर लिया गया. तट रक्षक बल ने कहा कि पोतों को आगे की जांच के लिए मुंबई ले जाया गया है. कार्रवाई के लिए भारतीय सीमा शुल्क और कानून प्रवर्तन एजेंसियों को सौंप दिया गया है.
ये भी पढ़ेंः Yamuna Expressway पर बड़ा हादसा, ट्रक ने बस को मारी टक्कर, 6 लोगों की मौके पर मौत
