10
PM Modi in Netherlands: अधिकारियों ने बताया कि यूरोप में भारत के सबसे बड़े व्यापारिक गंतव्यों में से नीदरलैंड एक है. यहां 2024-25 में द्विपक्षीय व्यापार का मूल्य 27.8 अरब अमेरिकी डॉलर था. यह इंडिया का चौथा सबसे बड़ा निवेशक भी है, जिसका कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश 55.6 अरब अमेरिकी डॉलर है.
नीदरलैंड में पीएम मोदी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 मई से पांच देशों की अपनी आधिकारिक यात्रा पर हैं. उन्होंने शुक्रवार को अपनी इस यात्रा की शुरुआत यूनाइटेड अरब अमीरात (UAE) से की. मिली जानकारी के अनुसार, यूएई के अबू धाबी में प्रधानमंत्री मोदी करीब 2.15 घंटे रहे. इस दौरान उन्होंने यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की. दोनों शीर्ष नेताओं के बीच कई मुद्दों पर चर्चा हुई और इस दौरान भारत व यूएई के बीच करीब सात डील भी हुई. यूएई की अपनी यात्रा पूरी करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों के दौरे के दूसरे चरण में नीदरलैंड पहुंचे.
एम्स्टर्डम पहुंच गया हूं- प्रधानमंत्री मोदी
नीदरलैंड में भारत और इस देश के बीच कई सारी डील होने की संभावना है. इस बीच नीदरलैंड के एम्स्टर्डम में पहुंचते ही प्रधानमंत्री मोदी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा, “एम्स्टर्डम पहुंच गया हूं. नीदरलैंड की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब भारत-EU मुक्त व्यापार समझौते ने व्यापार और निवेश के संबंधों को एक नई गति प्रदान की है. यह सेमीकंडक्टर, जल, स्वच्छ ऊर्जा और अन्य क्षेत्रों में संबंधों को और गहरा करने का अवसर प्रदान करता है.”
उन्होंने आगे लिखा, “मैं प्रधानमंत्री रॉब जेटेन के साथ बातचीत करूंगा और महामहिम राजा विलेम-अलेक्जेंडर और महारानी मैक्सिमा से भी भेंट करूंगा. इसके अलावा, मैं 16 तारीख की सुबह एक सामुदायिक कार्यक्रम (community programme) को संबोधित करने के लिए भी उत्सुक हूं.”
भारत का चौथा सबसे बड़ा निवेशक नीदरलैंड
बता दें कि हाल के वर्षों में भारत और नीदरलैंड ने व्यापार, निवेश, जल, कृषि और स्वास्थ्य जैसे प्राथमिकता वाले क्षेत्रों से परे पारंपरिक क्षेत्रों में भी सहयोग का काफी मजबूती हासिल की है. भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा कि तकनीक, इनोवेशन, डिफेंस, सुरक्षा, सेमीकंडक्टर, नवीकरणीय ऊर्जा, शिक्षा और समुद्री क्षेत्र सहित रणनीतिक क्षेत्रों में साझेदारी का विस्तार हुआ है.
भारत और नीदरलैंड की बात करें तो इन दोनों देशों के रिश्ते काफी महत्वपूर्ण रहे हैं. अधिकारियों ने बताया कि यूरोप में भारत के सबसे बड़े व्यापारिक गंतव्यों में से नीदरलैंड एक है. यहां 2024-25 में द्विपक्षीय व्यापार का मूल्य 27.8 अरब अमेरिकी डॉलर था. यह इंडिया का चौथा सबसे बड़ा निवेशक भी है, जिसका कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश 55.6 अरब अमेरिकी डॉलर है.
भारत और नीदरलैंड
भारत और नीदरलैंड के बीच रिश्ते को और अधिक मजबूत करने में नागरिकों की भी बड़ी भूमिका रही है. रिपोर्ट के अनुसार, नीदरलैंड में 90 हजार से अधिक प्रवासी भारतीय और भारतीय मूल के लोग रहते हैं. वहीं, सूरीनाम-हिंदुस्तानी समुदाय के दो लाख से अधिक सदस्य भी हैं. अभी करीब 3500 भारतीय छात्र डच विश्वविद्यालयों में पढ़ रहे हैं. अधिकारियों ने बताया कि पीएम मोदी की नीदरलैंड और तीन अन्य यूरोपीय देशों – स्वीडन, नॉर्वे और इटली – की यात्रा इस वर्ष की शुरुआत में अंतिम रूप दिए गए भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते और 2025 में हस्ताक्षरित भारत-ईएफटीए व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौते की पृष्ठभूमि में हो रही है.
यह भी पढ़ें: PM मोदी ने खुद फॉलो की अपनी अपील, आधा किया काफिला, इन राज्यों के CM ने भी पेश किया उदाहरण
