3
Delhi Double Murder: दक्षिणी दिल्ली के चितरंजन पार्क इलाके में शुक्रवार देर शाम चाकू मारकर पिता-पुत्र की हत्या कर दी गई, जबकि चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया.
18 अप्रैल 2026
दिल्ली डबल मर्डर: दक्षिणी दिल्ली के चितरंजन पार्क इलाके में शुक्रवार देर शाम चाकू मारकर पिता-पुत्र की हत्या कर दी गई, जबकि चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. विवाद में वारदात को अंजाम दिया गया. एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि दिल्ली पुलिस ने एक व्यक्ति और उसके बेटे की दोहरी हत्या के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पिता-पुत्र की दक्षिणी दिल्ली के सीआर पार्क इलाके में चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी. पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान राकेश सूद (62) और उनके बेटे करण सूद (27) के रूप में हुई है, जबकि उनके चचेरे भाई राहुल घायल हो गए. उनका इलाज चल रहा है.
तारा अपार्टमेंट का निवासी है आरोपी
पुलिस के मुताबिक, घटना की जानकारी शुक्रवार रात करीब 9:20 बजे साकेत के एक निजी अस्पताल से मिली, जहां सीआर पार्क के तारा अपार्टमेंट के तीन लोगों को उनके रिश्तेदारों ने भर्ती कराया था. अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दक्षिण ऐश्वर्या सिंह ने कहा कि जांच करने पर राकेश सूद और करण सूद को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि राहुल घायल पाए गए. घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत पुलिस टीम मौके पर पहुंची. अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने कहा कि आरोपी की पहचान तारा अपार्टमेंट के निवासी असद सिद्दीकी के रूप में हुई है. आरोपी ने शुक्रवार शाम 6 बजे के आसपास तीनों पर किसी तेज धार वाली वस्तु से हमला किया.
आरोपी गिरफ्तार
उन्होंने बताया कि पैसे के लेनदेन से संबंधित विवाद होने पर वारदात को अंजाम दिया गया. अपराध और फोरेंसिक टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए, जबकि क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दक्षिण ने कहा कि बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. उन्होंने कहा कि घटनास्थल से भागने के लिए आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए वाहन को भी जब्त कर लिया गया है.
कानून-व्यवस्था की खुली पोलः आप
पुलिस ने कहा कि सीआर पार्क पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है. उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ 2005 में भी संगम विहार पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था. इस बीच, आम आदमी पार्टी के नेता और पार्टी के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में कहा कि तारा अपार्टमेंट अलकनंदा को दक्षिण दिल्ली में सबसे सुरक्षित गेटेड कॉलोनी माना जाता है. सुषमा स्वराज और कई सांसद वर्षों तक वहां रहें. उन्होंने आगे कहा कि डबल मर्डर ने दिल्ली की बिगड़ती कानून-व्यवस्था की पोल खोल दी है.
समाचार स्रोत: पीटीआई
