Home News बंगाल में चुनाव के बीच NIA की एंट्री

बंगाल में चुनाव के बीच NIA की एंट्री

by Live India
बंगाल में चुनाव के बीच NIA की एंट्री

Kolkata Bomb Case: दक्षिण 24 परगना में एक टीएमसी वर्कर के घर से 79 बम बरामद किए गए हैं. नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

27 अप्रैल, 2026

पश्चिम बंगाल में चुनाव के चलते हाई अलर्ट है. दूसरे फेज की वोटिंग 29 अप्रैल को होगी, लेकिन उससे पहले कोलकाता में बम मिलने से हड़कंप मच गया है. दक्षिण 24 परगना में एक टीएमसी वर्कर के घर से 79 बम बरामद किए गए हैं. इसी के साथ चुनाव में NIA की एंट्री भी हो गई. एक अधिकारी ने बताया कि नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने चुनाव वाले पश्चिम बंगाल में 79 क्रूड बम मिलने की जांच के लिए केस दर्ज किया है. उन्होंने बताया कि रविवार को केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश के बाद यह कदम उठाया गया.

NIA प्रवक्ता का बयान

NIA के एक प्रवक्ता ने देर रात एक बयान में कहा कि गृह मंत्रालय के आदेश के अनुसार, एंटी-टेरर एजेंसी ने रविवार को एक केस दर्ज किया, जो मूल रूप से शनिवार को कोलकाता के भांगर डिवीजन के उत्तर काशी पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया था और जांच शुरू कर दी. प्रवक्ता ने कहा, “यह मामला कोलकाता पुलिस द्वारा 79 क्रूड बम और दूसरी आपत्तिजनक सामग्री बरामद करने से जुड़ा है, जिन्हें एक जगह पर रखा गया था, जिससे जान और माल को खतरा था.”

TMC वर्कर के घर से मिले बम

एक अधिकारी ने बताया कि इससे पहले दिन में, चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल पुलिस को चुनाव वाले राज्य में क्रूड बम की गैर-कानूनी मैन्युफैक्चरिंग में शामिल लोगों को गिरफ्तार करने के लिए एक स्पेशल ड्राइव शुरू करने का निर्देश दिया था. अधिकारी ने कहा कि आयोग ने जोर देकर कहा कि ऐसे किसी भी विस्फोटक को बनाने से जुड़े सभी मामलों की जांच नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी करेगी. यह निर्देश तब आया जब पुलिस ने राज्य में विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी फेज से कुछ दिन पहले, साउथ 24 परगना जिले के भांगर में एक व्यक्ति, जो कथित तौर पर TMC वर्कर है, के घर से बड़ी संख्या में क्रूड बम बरामद किए.

वोटिंग से पहले सुरक्षा सख्त

अधिकारी ने कहा कि खास इनपुट के बाद रफीकुल इस्लाम के घर की तलाशी के दौरान ये विस्फोटक बरामद किए गए. पोल पैनल ने 29 अप्रैल को होने वाले मतदान से पहले कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी तरह की चूक को लेकर राज्य भर के सीनियर पुलिस अधिकारियों को चेतावनी भी जारी की. पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव का पहला फेज 23 अप्रैल को हुआ था, जबकि दूसरा फेज 29 अप्रैल को होगा. वोटों की गिनती 4 मई को होगी. पहले राउंड के मतदान में रिकॉर्ड 93.19 परसेंट वोटिंग हुई है. भांगर में दूसरे फेज में वोटिंग होगी.

यह भी पढ़ें- क्लीन सिटी और जलभराव से मुक्ति…’ हरियाणा नगर निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस ने जारी किया घोषणा पत्र

समाचार स्रोत: पीटीआई

Related Articles