Home News भारतीय जहाज पर हमले की UAE ने की निंदा

भारतीय जहाज पर हमले की UAE ने की निंदा

by Live India
भारतीय जहाज पर हमले की UAE ने की निंदा

Strait of Hormuz : ओमान तट पर भारतीय झंडे लगे व्यापारिक जहाज पर हमले की UAE ने कड़ी निंदा की. अमीरात के विदेश मंत्रालय ने इसको आतंकी हमला और खतरनाक तनाव करार दिया. साथ ही मंत्रालय ने यह भी कहा कि यह हमला UNSC चार्टर का उल्लंघन भी करता है.

होर्मुज जलडमरूमध्य: ईरान और अमेरिका के बीच मिडिल ईस्ट में सीधी लड़ाई नहीं हो रही है, लेकिन अभी भी स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तनाव बना हुआ है. इस समुद्री गलियारे से कोई मालवाहक जहाज नहीं निकल पा रहा है और कई भारतीय जहाज भी फंसे हुए हैं. इसी कड़ी में ओमान तट पर भारतीय व्यापारिक जहाज पर हमला किया गया था और अब संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने कड़ी निंदा की है. UAE ने इस अटैक को आतंकवादी हमला और खतरनाक तनाव करार दिया. साथ ही कहा कि इस महत्वपूर्ण जलमार्ग की स्थिरता पर खतरा पैदा हो गया है. बता दें कि सोमालिया से आ रहे कमर्शियल जहाज पर बुधवार को हमला हुआ था और इस पर 14 क्रू सदस्यों को ओमान अधिकारियों ने बचा लिया. हालांकि, उस वक्त नहीं पता चल पाया कि हमला किसने किया है.

समुद्री गलियारे की स्थिरता पर खतरा

अब UAE के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को एक बयान जारी किया और कहा कि अमीरात भारतीय झंडे वाले जहाज पर हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता है. UAE मंत्रालय ने यह भी कहा कि यह हमला अंतरराष्ट्रीय समुद्री आवाजाही की सुरक्षा के लिए एक गंभीर खतरा है और यह एक खतरनाक तनाव बढ़ा रहा है. साथ ही इसका मकसद महत्वपूर्ण जलमार्गों में से एक की स्थिरता को कमजोर करना है. बता दें कि यह घटना होर्मुज में बनी नाजुक स्थिति के बीच हुई. यह ओमान के तट के पास एक संकरा जलमार्ग है, जिससे दुनिया का करीब पांचवां हिस्सा ऊर्जा आपूर्ति गुजरती है. दूसरी तरफ पश्चिम एशिया में 28 फरवरी को शुरू हुए संघर्ष के कारण इसमें भारी रुकावट आई है. इस संघर्ष की शुरुआत तब हुई जब अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर मिलकर हमले किए, जिसके जवाब में ईरान ने भी जमकर हमले किए हैं.

UAE ने बताया UNSC के चार्टर का उल्लंघन

यूएई विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि भारतीय जहाज हमला UNSC के प्रस्ताव 2817 का उल्लंघन था. यह प्रस्ताव समुद्री आवाजाही की आजादी के महत्व पुष्टि करता है और व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाने या अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों में रुकावट डालने को अस्वीकार करता है. मंत्रालय ने इस बात पर भी खुला जोर दिया कि व्यापारिक जहाजों पर हमला करना समुद्री डकैती जैसा काम हैं. ये इस क्षेत्र की स्थिरता और वैश्विक ऊर्जा के लिए सबसे बड़ा खतरा है.

भारत ने भी की थी कड़ी निंदा

आपको बताते चलें कि व्यापारिक जहाज पर हमले की खबर मिलने के बाद भारत ने भी बयान जारी किया था. भारतीय विदेश मंत्रालय ने कड़े शब्दों में निंदा की और इसे अस्वीकार्य करार दिया. मंत्रालय ने अपने बयान में खाड़ी में व्यापारिक जहाजों और असैन्य नाविकों पर हो रहे हमलों पर गहरी चिंता व्यक्त की. दूसरी तरफ भारत ने राहत भरी खबर देते हुए बताया कि एलपीजी से भरे दो टैंकरों ने सुरक्षित तरीके से होर्मुज को पार कर लिया है और जल्द ही भारतीय तट पर जहाज लग जाएगा.

समाचार स्रोत: पीटीआई

Related Articles