1
सीजेपी मार्च में लाठीचार्ज: राजधानी दिल्ली में इस समय बवाल मचा हुआ है. एक तरफ संसद का मानसून सत्र शुरू हो गया है और दूसरी तरफ कॉकरोच जनता पार्टी और उसके समर्थकों की भीड़ ने संसद भवन की ओर कूच कर दिया है. दिल्ली पुलिस ने पहले ही सीजेपी को मार्च निकालने की इजाजत नहीं दी थी और आज सुबह जंतर मंतर पर हजारों जवान तैनात कर दिए गए थे. जैसे ही प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर से रवाना हुए, पुलिस और रिजर्व फोर्स ने उन पर लाठियां बरसानी शुरू कर दी.
प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज
मार्च शुरू होने के कुछ मिनटों बाद ही पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठियां बरसानी शुरू कर दी. रिजर्व फोर्स ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए रास्ते पर बैरिकेड लगा दिए हैं. पुलिस बल और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो रही है. सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि भी इस मार्च में शामिल हुईं. पुलिस ने बीती रात को एडवायजरी जारी कर सूचना दी थी कि सीजेपी को मार्च निकालने की अनुमति नहीं दी गई है और जंतर-मंतर के अलावा कहीं भी प्रदर्शन करने या मार्च निकालने पर रोक है. इसी के साथ नई दिल्ली में बीएनएस धारा 163 लागू कर दी है, जिसके तहत पांच या उससे ज्यादा लोग एक साथ किसी भी जगह पर इकट्ठा नहीं हो सकते.
विपक्षी नेता पहुंचे जंतर-मंतर
आजाद समाज पार्टी-कांशीराम के प्रेसिडेंट और MP चंद्रशेखर आजाद और TMC MP महुआ मोइत्रा भी CJP प्रोटेस्ट की जगह पर मौजूद हैं. इसके अलावा नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला, आप नेता संजय सिंह, आतिशी और मनीष सिसोदिया भी जंतर-मंतर पर मौजूद हैं. मशहूर एक्ट्रेस शबाना आजमी भी मार्च में शामिल हुईं. उन्होंने कहा, “हम सब यहां शांति से प्रोटेस्ट करने और अपने संवैधानिक अधिकारों का इस्तेमाल करने के लिए आए हैं.
इलाके में दिल्ली पुलिस के भारी जवान तैनात देखे गए क्योंकि पुलिस मार्च को किसी भी तरह आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश कर रही है. पुलिस की तरफ से बल प्रयोग या किसी को हिरासत में लेने की खबर पर तुरंत कोई ऑफिशियल बयान नहीं आया है.
पांच मेट्रो स्टेशन बंद
दिल्ली पुलिस ने मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन से जंतर-मंतर की ओर मार्च कर रहे सैकड़ों स्टूडेंट्स और प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठियों और डंडों का इस्तेमाल किया. दिल्ली पुलिस ने राजीव चौक और पटेल चौक मेट्रो स्टेशन के एग्जिट गेट को बंद कर दिया है, जहां से लोग धरनास्थल तक पहुंचने की कोशिश कर रहे थे. DMRC ने सोमवार सुबह बताया कि सुरक्षा कारणों से राजीव चौक, जनपथ, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशन अगले निर्देश तक बंद रहेंगे.
“20 जुलाई को तोड़ूंगा अनशन, अगर…” सोनम वांगचुक इन शर्तों पर खत्म करेंगे भूख हड़ताल, अस्पताल से लिखा लेटर
समाचार स्रोत: पीटीआई
