4
Rabri Devi: बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने करीब 20 साल बाद सरकारी बंगले को खाली कर दिया है. अब उनका और ‘लालू परिवार’ का नया पता पटना के कौटिल्य नगर में होगा. आज गुरुवार को राबड़ी देवी ने राजधानी पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी बंगले को खाली कर दिया है और अपनी फैमली के साथ कौटिल्य नगर स्थित अपने निजी आवास में शिफ्ट हो गई हैं.
बता दें कि बीते 22 जून को बिहार के भवन निर्माण विभाग ने उन्हें सरकारी बंगले को खाली करने के लिए नोटिस जारी किया था. उन्हें 7 दिनों के अंदर इसे खाली करने का आदेश था, लेकिन राबड़ी देवी ने इस सरकारी बंगले को खाली करने के लिए 5 जुलाई तक का समय मांगा था. अब उन्होंने इस समय के पहले ही आज 2 जुलाई को सरकारी बंगले को खाली कर दिया है.
नीतीश सरकार ने आवंटित किया था बंगला
न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, बिहार में 2005 के विधानसभा चुनावों में सत्ता गंवाने के कुछ ही समय बाद, तब की नीतीश कुमार सरकार ने राबड़ी देवी को सर्कुलर रोड स्थित 10 नंबर का मकान आवंटित किया था. यह सरकारी बंगला मुख्यमंत्री आवास के ठीक सामने और राज्यपाल भवन से कुछ ही दूरी पर स्थित है.
अब राबड़ी देवी सीएम सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के दबाव में आकर लगभग 2 किलोमीटर दूर स्थित कौटिल्य नगर में अपने निजी आवास में चली गईं हैं. बीते 20 वर्षों से जिस सरकारी बंगले में राबड़ी देवी रहती हुईं आ रही थीं, अब वह बंगला मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया है.
राबड़ी ने हार्डिंग रोड जाने से किया मना
बता दें कि राबड़ी देवी को सबसे पहले पिछले साल नवंबर में सरकारी बंगले को खाली करने के लिए कहा गया था. तब सीएम नीतीश कुमार सरकार ने आदेश दिया था कि 10, सर्कुलर रोड को “उपमुख्यमंत्री के आवास के रूप में नामित” किया जाएगा और आरजेडी नेता को राज्य विधान परिषद में विपक्ष की नेता के रूप में उनकी क्षमता के लिए एक अन्य बंगला आवंटित किया गया था.
हालांकि, राबड़ी देवी ने 39, हार्डिंग रोड में जाने से इनकार कर दिया था. यह बंगला 10 सर्कुलर रोड जितना बड़ा नहीं है. वहीं, इसे “अशुभ” भी माना जाता है क्योंकि वहां रहने के बाद सभी पूर्व निवासियों का राजनीतिक करियर बुरी तरह से गिर गया था.
वहीं, पिछले महीने, जब राज्य के भवन निर्माण विभाग ने एक नया आदेश जारी कर राबड़ी देवी को 38, हार्डिंग रोड पर शिफ्ट होने और 29 जून तक 10, सर्कुलर रोड को खाली करने का निर्देश दिया, तो उन्होंने आक्रोश व्यक्त किया. उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को उन्हें बलपूर्वक बेदखल करने की चुनौती दी.
हालांकि, उनके अड़ियल रवैये के कारण विपक्षी पार्टी को नकारात्मक प्रचार मिलने के बाद वह नरम पड़ गईं. अब राबड़ी देवी कौटिल्य नगर में अपने निजी आवास शिफ्ट हो गई हैं.
बिहार की 3 बार सीएम रही हैं राबड़ी देवी
बिहार के पूर्व सीएम और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की पत्नी राबड़ी देवी बिहार में तीन बार मुख्यमंत्री रही हैं. उनका पहला कार्यकाल 25 जुलाई 1997 से 11 फरवरी 1999 तक रहा. यह पहली बार बिहार की सीएम तब बनीं, जब बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू यादव को चारा घोटाले मामले में जेल जाना पड़ा था.
बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में राबड़ी देवी का दूसरा कार्यकाल 9 मार्च 1999 से लेकर 2 मार्च 2000 तक रहा. वहीं, इनका तीसरा कार्यकाल 11 मार्च 2000 से लेकर 6 मार्च 2005 तक रहा. आखिरी कार्यकाल में राबड़ी देवी ने बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में अपना पांच वर्षों का कार्यकाल भी पूरा कर लिया था.
बिहार सरकार का बड़ा फैसला: लालू-राबड़ी की ‘Z प्लस’ और तेज प्रताप की ‘Y’ श्रेणी सुरक्षा खत्म, भड़की RJD
