Home Bihar सात फेरे का जश्न हंगामे में बदला

सात फेरे का जश्न हंगामे में बदला

by Live India
दूसरी शादी करने चला था दूल्हा, पहली पत्नी ने स्टेज पर ही उतार दिया

BIHAR NEWS: बिहार के शाहपुर पटोरी में हाई वोल्टेज ड्रामे में दूल्हे का सिर फट गया. लड़की पक्ष ने बारातियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा.

  • समस्तीपुर से ज्योति कुमार सिंह की रिपोर्ट

बिहार समाचार: बिहार के समस्तीपुर जिले के शाहपुर पटोरी में एक शादी समारोह के दौरान जमकर हंगामा मच गया. बारात आने के बाद जब दूल्हा अपनी होने वाली दुल्हन को वरमाला पहना रहा था, उसी समय दूल्हे की पहली पत्नी वहां पहुंच गई. उसने वरमाला रस्म के दौरान अपने पति की पिटाई शुरू कर दी. घटना देख लोगों में अफरा तफरी मच गई. दूसरी शादी की बात समझ आते ही दुल्हन पक्ष के लोग भी गुस्सा हो गए और उन्होंने बारातियों को खदेड़कर पीटना शुरू कर दिया. ग्रामीणों ने भी दूल्हे की जमकर पिटाई की. लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय थाने को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और वर-वधू पक्ष को थाने ले आई. मारपीट में दूल्हे का सिर फट गया. दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे के पिता को भी बंधक बना लिया. यह घटना समस्तीपुर जिले के पटोरी थाना क्षेत्र के लोदीपुर धीर गांव में हुई.

पिटाई से दूल्हे का फटा सिर

गांव के रहने वाले प्रदीप सहनी की बेटी अस्मिता की बुधवार को शादी थी. वैशाली जिले के तिसिऔता थाना क्षेत्र के प्राणपुर गांव से बारात आई थी. अस्मिता की शादी राजकुमार सहनी के बेटे पंकज कुमार से होनी थी. बताया जा रहा है कि दूल्हा पक्ष ने दुल्हन पक्ष को धोखे में रखकर रिश्ता किया था. लड़की वालों को दूल्हे की पहली शादी के बारे में जानकारी नहीं थी. बुधवार की रात को लगभग 40 की संख्या में बाराती आए थे. लेकिन दूल्हे की चालाकी नहीं चली. वरमाला के समय ही उसकी पहली पत्नी वैशाली जिले के गोरौल थानाक्षेत्र के हसनपुर गंगरी ग्राम निवासी विजय सहनी की बेटी नीलम देवी शादी स्थल पर गांव में पहुंच गई. नीलम पहले से ही दो बच्चों की मां है. उसने वरमाला स्टेज पर खड़े अपने पति का कॉलर पकड़ा और पिटाई शुरू कर दी. पहली पत्नी की बात सुनकर वहां मौजूद लोग उग्र हो गए और बारातियों पर टूट पड़े. जिसको जहां मौका मिला बारातियों की खोज खोजकर पिटाई करने लगें. पिटाई में दूल्हे पंकज कुमार का सिर फट गया.

6 साल पहले ही पंकज की हो गई थी शादी

पहली पत्नी नीलम देवी ने पुलिस को बताया कि 6 साल पहले दोनों ने तमिलनाडु में शादी कर ली थी और बतौर पति-पत्नी वहां रहकर कपड़े की फैक्ट्री में मज़दूरी का काम करते थे. नीलम को शक हुआ कि उसका पति दूसरी शादी करने वाला है तो उसने वैशाली जिले के तिसिऔता थाना में आवेदन दे दिया. उसे जब मालूम हुआ कि उसकी शादी हो रही है तब वह पता लगाकर लोदीपुर धीर गांव में दुल्हन के घर पहुंच गई और वरमाला के समय शादी कर रहे अपने पति को जमकर पीटा. पटोरी थाने की पुलिस को नीलम देवी ने बताया कि वह तलाकशुदा थी और एक बच्चे की मां है. कहा कि तमिलनाडु में उसने पंकज से शादी कर ली थी और दोनों वहीं रह रहे थे. इस संबंध में पटोरी थानाध्यक्ष ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है. लिखित शिकायत मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई की जा रही है. लड़का और लड़की को हिरासत में लिया गया है और पूछताछ की जा रही है.

ये भी पढ़ेंः हाजीपुर में दुल्हन देखने के लिए भीड़ हुई बेकाबू, जयमाल के बाद बवाल, जमकर चले लाठी-डंडे, कई जख्मी, टूटी शादी

Related Articles