4
Elephants Attack: झारखंड के बोकारो में गुरुवार को पांच हाथियों के झुंड ने एक परिवार के तीन सदस्यों को कुचलकर मार डाला. घटना से इलाके में दहशत फैल गई.
हाथियों का हमला: झारखंड के बोकारो में गुरुवार को पांच हाथियों के झुंड ने एक परिवार के तीन सदस्यों को कुचलकर मार डाला. घटना से इलाके में दहशत फैल गई. हाथियों का झुंड आता देखकर लोग इधर-उधर भागने लगे. वन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि हाथियों का झुंड भोजन की तलाश में मानव बस्ती में घुस आया है. अधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि कोई हाथी या हाथियों का झुंड गांव में दिखाई देता है तो वे इसकी सूचना तुरंत वन विभाग के अफसरों को दें. घटना बोकारो जिले के महुआदनार पुलिस थाना क्षेत्र के बरकीपुन्नू गांव में गुरुवार तड़के करीब 3 बजे घटी.
घटना से इलाके में दहशत
बोकारो के संभागीय वन अधिकारी संदीप सिंधे ने पीटीआई को बताया कि हाथियों का झुंड धान की फसल खाने के लिए खेत में घुसा था. इस बीच खेत मालिक ने हाथियों को भगाने के लिए डंडे से हमला कर दिया. जिससे हाथियों ने गुस्सा कर पूरी फसल को तहस-नहस कर दिया. इसके बाद खेत मालिक के घर पर हमला कर दिया. जब घर के सदस्यों ने भागने की कोशिश की तो हाथियों के झुंड ने परिवार के तीन सदस्यों को कुचलकर मार डाला. इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई. गांव में चीखपुकार मच गई. गुस्साए हाथी ग्रामीणों को दौड़ाने लगे. ग्रामीणों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई. बोकारो के संभागीय वन अधिकारी संदीप सिंधे ने बताया कि हाथियों का झुंड कई दिनों से बरकीपुन्नू इलाके में घूम रहा था.
हाथियों को पकड़ने के लिए टीमें गठित
सिंदे ने बताया कि मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. सिंदे ने बताया कि हाथियों को पकड़ने के लिए वन विभाग ने टीमें गठित कर दी है. जल्द ही हाथियों को काबू में कर लिया जाएगा. सिंदे ने बताया कि 18 जनवरी को इसी महुआदनार पुलिस थाना क्षेत्र में एक सब्जी विक्रेता को भी हाथी ने कुचलकर मार डाला था, जब वह अपने घर जा रहा था. वन विभाग के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि जनवरी में राज्य में हाथियों के हमलों में 25 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है. मृतकों में से एक हिंसक हाथी ने पश्चिम सिंहभूम जिले में 20 लोगों की जान ले ली. एक सरकारी रिपोर्ट में बताया गया है कि झारखंड में मानव-हाथी संघर्ष के कारण 2019-20 वित्तीय वर्ष से अब तक 474 लोगों की मौत हो चुकी है.
ये भी पढ़ेंः कर्नाटक : स्कूल के 20 बच्चों को कराया अस्पताल में भर्ती, मिड-डे मील खाने के बाद हुए बीमार
