11
हार्दिक पंड्या पर जुर्माना: 5 बार की आईपीएल की विजेता टीम रही मुंबई इंडियंस इस बार टूर्नामेंट में खराब प्रदर्शन की वजह से बाहर हो गई है. यह टीम साल 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल की ट्रॉफी अपने नाम की थी. मुंबई इंडियंस के खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने अपने फैंस को नाखुश किया है. इस बीच टीम के कप्तान को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है.
मिली जानकारी के अनुसार, मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या पर आईपीएल में मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगा है. इतना ही नहीं बीसीसीआई ने उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया है. यह पूरा मामला पांड्या के गुस्से के दौरान मैदान पर की गई एक गलती का है, जिस गलती को पांड्या ने मान भी लिया, लेकिन वे अपने आप को जुर्माने से नहीं बचा पाएं. आइए जानते हैं क्या है पूरी खबर.
विकेट की बेल्स को जोर से गिराने का मामला
जानकारी के मुताबिक, बुधवार को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में मुंबई इंडियंस और केकेआर का मुकाबला खेला गया. इस मैच में एमआई की चार विकेट से हार हुई. इस दौरान पंड्या को आचार संहिता के लेवल 1 का उल्लंघन करते हुए पाया गया क्योंकि उन्होंने “रन-अप के लिए वापस जाते समय विकेट की बेल्स को जोर से गिरा दिया था. बताया जाता है कि उन्होंने यह काम गुस्से में आकर कर दिया था. यह घटना मैच की दूसरी पारी के 10वें ओवर की चौथी गेंद पर घटी, जब हार्दिक पांड्या अपने रन-अप पर वापस जाते समय बल्ले से विकेट की बेल्स गिरा बैठे.
आईपीएल ने एक बयान में कहा, “हार्दिक पांड्या को आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन करते हुए पाया गया है, जो ‘मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण या वस्त्र, मैदान के उपकरण या फिक्स्चर और फिटिंग का दुरुपयोग’ से संबंधित है.”
बीसीआई की ओर से हार्दिक पांड्या पर आईपीएल मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ निराशाजनक गेंदबाजी करते हुए विकेट की बेल्स को जबरदस्ती गिराने के लिए उनकी मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया. इसके अलावा उन्हें क्रिकेट उपकरण के दुरुपयोग के लिए एक डिमेरिट पॉइंट दिया. वहीं, पांड्या ने अपनी गलती को स्वीकार किया और मैच रेफरी राजीव सेठ द्वारा लगाई गई सजा को मान लिया.
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल
बीते दिनों बीसीसीआई ने आईपीएल के प्लेऑफ मैचों की जानकारी दी थी. इसके अनुसार, इसका पहला क्वालिफाययर 26 मई को खेला जाएगा. यह मैच धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में होगा. पहले क्वालिफायर मैच के बाद 27 मई को एलिमिनेटर मुकाबला होगा. यह मैच न्यू चंडीगढ़ के न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. 29 मई को न्यू चंडीगढ़ में ही क्वालिफायर 2 का मैच होगा. वहीं, टाटा आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला गुजरात के अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. यह मैच 31 मई को होगा.
यह भी पढ़ें: बिहार के वह उभरते क्रिकेट सितारे, जिन्होंने बनाया अपना नाम; लोग भी करते हैं प्रणाम
समाचार स्रोत: पीटीआई
