21
भाजपा राजनीति: भाजपा अपने संगठन प्रकोष्ठों के माध्यम से 10 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को 2027 के चुनावों के लिए उतारने जा रही है. प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने महत्वपूर्ण बैठक में प्रकोष्ठों की विशेष भूमिका को रेखांकित करते हुए शीघ्र मंडल व बूथ स्तर पर मजबूत टीम गठन के निर्देश दिए हैं. जो सरकार के विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक लेकर जायेंगे और जनता का आशीर्वाद जीतने के प्रयास में सहभागी बनेंगे.
प्रकोष्ठों की भूमिका पर डाला प्रकाश
पार्टी के प्रदेश एवं जिला प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को काशीपुर जिला कार्यालय में आयोजित की गई. जिसमें प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने मुख्य वक्ता के रूप में प्रकोष्ठों की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला. कहा कि प्रकोष्ठ संगठन की महत्वपूर्ण शक्ति हैं. जो केवल राजनीतिक कार्यकर्ताओं का नहीं, बल्कि समाज के प्रबुद्ध, विषय विशेषज्ञ एवं विभिन्न क्षेत्रों में अनुभव रखने वाले व्यक्तियों का संगठन है. उन्होंने सभी प्रकोष्ठों से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संगठन की नीतियों, विचारधारा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया.
उन्होंने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकोष्ठ को बूथ स्तर तक सक्रिय होकर संगठन को मजबूत बनाने, नए लोगों को पार्टी से जोड़ने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में प्रभावी भूमिका निभानी होगी. उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अभी से पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया.
मंडल और बूथ स्तर पर संगठन होगा और मजबूत
कार्यशाला में प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी कौस्तुभानंद जोशी ने प्रदेश नेतृत्व को विश्वास दिलाया कि संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में विभिन्न प्रकोष्ठों के माध्यम से 10 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को दायित्व देकर सक्रिय रूप से कार्य में लगाया जा रहा है. जिसके लिए चार चरणों में आयोजित होने वाली प्रकोष्ठ कार्यशालाओं एवं प्रशिक्षण बैठकों के माध्यम से प्रत्येक प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है तथा उनकी जिम्मेदारियां निर्धारित की जा रही हैं. इसका उद्देश्य आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठनात्मक एवं चुनावी दृष्टि से पूरी तरह तैयार करना है.
अब रुद्रपुर, देहरादून और हरिद्वार में सजेगी कार्यशालाएं
इसी क्रम में काशीपुर के बाद शीघ्र ही रुद्रपुर, देहरादून और हरिद्वार में भी प्रकोष्ठ कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की विजय सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया. कार्यशाला का समापन संगठन को और अधिक सशक्त बनाते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की विजय सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ हुआ.
ये पदाधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी कौस्तुभानंद जोशी, जिला अध्यक्ष मनोज पाल, जिला प्रभारी पुष्कर काला, सह प्रभारी भारत भूषण चुग, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली सहित प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारी उपस्थित रहे. इस कार्यशाला में व्यवसायिक, व्यापार, आर्थिक, सहकारिता एवं खेलकूद प्रकोष्ठों के प्रदेश एवं जिला संयोजक तथा सह संयोजकों ने भी सहभागिता की.
राजनीति हमारे लिए सत्ता नहीं सेवा का माध्यम, इसलिए BJP है ‘अजेय’, हम पहुंचते हैं समाज के अंतिम छोर तक
