Home Latest News & Updates एयर इंडिया से CAA ने मांगा जवाब

एयर इंडिया से CAA ने मांगा जवाब

by Live India
CAA warned Air India

CAA warned Air India: ब्रिटेन की एविएशन अथॉरिटी (CAA) ने एयर इंडिया से जवाब मांगा है, क्योंकि 1 फरवरी को लंदन से बेंगलुरु आने वाली फ्लाइट में गड़बड़ी पाई गई थी.

5 फरवरी, 2026

1 फरवरी को लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट से बेंगलुरु के लिए उड़ान भरने वाले बोइंग 787-8 विमान के फ्यूल कंट्रोल स्विच में गड़बड़ी पाई गई थी. इसके बाद भी विमान को उड़ान भरने की इजाजत दे दी गई. एक एयर इंडिया के पायलट ने 2 फरवरी को AI132 फ्लाइट ऑपरेट करने के बाद बोइंग 787-8 प्लेन के फ्यूल कंट्रोल स्विच में खराबी की रिपोर्ट दी. एयरलाइन ने 2 फरवरी को बेंगलुरु में लैंडिंग के बाद विमान को जांच के लिए ग्राउंडेड कर दिया. इसी के साथ अब ब्रिटेन की एविएशन अथॉरिटी (CAA) ने भी एयरलाइन से जवाब मांगा है.

एयर इंडिया को मिली चेतावनी

भारतीय एविएशन रेगुलेटर DGCA की इस मामले की शुरुआती जांच में पाया गया कि स्विच को ऑपरेट करने में स्पष्ट रूप से सही प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया था. एयरलाइन से यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि क्रू सही प्रक्रियाओं का पालन करे. बुधवार को सूत्रों ने बताया कि UK सिविल एविएशन अथॉरिटी ने एयर इंडिया से इस घटना के बारे में जानकारी मांगी है. CAA ने एयरलाइन से सात दिनों में संतोषजनक जवाब देने को कहा है और ऐसा न करने पर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी है.

सवालों के घेरे में एयर इंडिया

एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने कहा कि एयरलाइन ने अपने बेड़े के सभी ऑपरेशनल बोइंग 787 विमानों में फ्यूल कंट्रोल स्विच (FCS) की एहतियाती दोबारा जांच पूरी कर ली है और इन जांचों के दौरान कोई समस्या नहीं पाई गई. प्रवक्ता ने कहा, “एयर इंडिया UK रेगुलेटर को उसी के अनुसार जवाब देगी.” मंगलवार को एक सूत्र ने कहा था कि DGCA इस घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर गौर कर सकता है, जिसमें यह भी शामिल है कि क्या विमान VT-ANX को बेंगलुरु के लिए उड़ान भरने के बजाय लंदन हीथ्रो में ही ग्राउंडेड किया जा सकता था.

245 लोगों की जान को था खतरा

बता दें, प्लेन में 230 से ज़्यादा यात्री और लगभग 15 पायलटों और क्रू मेंबर्स मौजूद थे, जिन्होंने जोखिम भरी उड़ान भरी. प्लेन करीब 9 घंटे के बाद बेंगलुरु में लैंडिंग की. पिछले साल जून में एयर इंडिया के बोइंग 787-8 विमान के क्रैश होने के बाद फ्यूल कंट्रोल स्विच के काम करने पर ध्यान दिया जा रहा है, अहमदाबाद हादसे में 260 लोगों की मौत हो गई थी, क्योंकि शुरुआती जांच रिपोर्ट में बताया गया था कि टेक-ऑफ के तुरंत बाद फ्यूल सप्लाई बंद हो गई थी.

समाचार स्रोत: पीटीआई

यह भी पढ़ें- 1 साल बाद मणिपुर से हटा राष्ट्रपति शासन, आज शाम सीएम पद की शपथ लेंगे वाई खेमचंद सिंह

Related Articles