2
Canada Shootout: कनाडा के एक स्कूल में हुई भीषण गोलीबारी में हमलावर समेत 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हैं. वारदात ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के टम्बलर रिज कस्बा में हुई.
कनाडा गोलीबारी: कनाडा के एक स्कूल में हुई भीषण गोलीबारी में हमलावर समेत 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हैं. वारदात ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के टम्बलर रिज कस्बा में हुई. कनाडा के अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि घटना से जुड़े एक घर में दो और लोगों के शव मिले हैं. रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस ने बताया कि टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल में हुई गोलीबारी में 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर है. लगभग 2,400 की आबादी वाला टम्बलर रिज कस्बा वैंकूवर से 1,000 किलोमीटर उत्तर में अल्बर्टा की सीमा के पास स्थित है. प्रांतीय सरकार की वेबसाइट के अनुसार, टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 7 से 12 तक के 175 छात्र पढ़ते हैं.
जांच में जुटी रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस
रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस अधीक्षक केन फ्लॉयड ने बताया कि जांचकर्ताओं ने हमलावर की पहचान कर ली है, लेकिन उन्होंने उसका नाम जारी नहीं किया है. संदिग्ध का मकसद अभी भी स्पष्ट नहीं है. फ्लॉयड ने कहा कि हम अभी यह समझने की स्थिति में नहीं हैं कि इस त्रासदी के पीछे क्या कारण या मकसद हो सकता है. उन्होंने कहा कि पुलिस अभी भी इस बात की जांच कर रही है कि हमलावर ने इस खौफनाक वारदात को क्यों अंजाम दिया. गोलीबारी की घटना के बाद जब पुलिस ने स्कूल में प्रवेश किया तो तलाशी के दौरान हमलावर को मृत पाया . उसके शरीर पर स्वयं को मारी गई गोलियों के निशान थे. हमलावर के अलावा छह अन्य व्यक्ति स्कूल के अंदर मृत पाए गए. दो को गंभीर चोटों के साथ अस्पताल ले जाया गया. तीसरे घायल की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई.
सरकार देगी पीड़ितों को हर संभव सहायता
पीस रिवर साउथ के विधायक लैरी न्यूफेल्ड ने विधानसभा में बताया कि रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस और एम्बुलेंस सहित अतिरिक्त संसाधन घटनास्थल पर भेजे गए हैं. उन्होंने कहा कि वे और अधिक जानकारी साझा करना नहीं चाहते क्योंकि इससे चल रहे ऑपरेशन की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है. ब्रिटिश कोलंबिया के प्रीमियर डेविड एबे ने कहा कि टम्बलर रिज में अपनों को खोने वाले परिवारों के साथ हमारी संवेदनाएं हैं. सरकार आने वाले दिनों में पीड़ितों के सदस्यों को हर संभव सहायता सुनिश्चित करेगी, क्योंकि हम सभी इस अकल्पनीय त्रासदी से उबरने की कोशिश कर रहे हैं.
ये भी पढ़ेंः Ranveer Singh को मिली धमकी, Dhurandhar स्टार की सिक्योरिटी हुई टाइट; मुंबई पुलिस ने संभाला मोर्चा
