3
Kashmir Protest: ईरान पर हमले के विरोध में शिया मुसलमान सड़कों पर जमा होकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. अधिकारियों ने बताया कि ईरान पर हमले के विरोध में शिया मुसलमान सड़कों पर जमा होकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं.
13 मार्च, 2026
ईरान अमेरिका युद्ध के बीच कश्मीर में तनाव फैल गया है. ईरान पर हमले के विरोध में शिया मुसलमान सड़कों पर जमा होकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. अधिकारियों ने बताया कि ईरान पर US-इजराइल के हमलों के खिलाफ शुक्रवार को कश्मीर के मगाम और बडगाम में विरोध प्रदर्शन हुआ, जो शिया बहुल इलाके हैं. रमजान के आखिरी शुक्रवार को विरोध प्रदर्शनों की आशंका के चलते आज सुबह श्रीनगर और घाटी के दूसरे हिस्सों, खासकर शिया-बहुल इलाकों में पाबंदियां लगा दी गईं हैं.
फिलिस्तीन को समर्थन जताते हुए प्रदर्शन
अधिकारियों ने बताया कि विरोध प्रदर्शनों की संभावना को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियात के तौर पर सुबह लोगों के इकट्ठा होने पर पाबंदियां लगाई गईं. उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने ईरान में US और इज़राइल के हमले के खिलाफ और फिलिस्तीन के समर्थन में नारे लगाए. हालांकि, अधिकारियों ने कहा कि विरोध प्रदर्शन अब तक शांतिपूर्ण रहे हैं. उन्होंने कहा कि स्थिति पर करीब से नजर रखी जा रही है. उन्होंने कहा कि फ़िलिस्तीन के साथ एकजुटता दिखाने के लिए जुमा-तुल-विदा (रमज़ान का आखिरी शुक्रवार) को यौम-उल-कुद्स के तौर पर भी मनाया जा रहा है और जमात की नमाज़ के बाद इज़राइल के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों की आशंका है.

जामा मस्जिद बंद
अधिकारियों ने यहां शहर के नौहट्टा इलाके में ऐतिहासिक जामा मस्जिद को भी बंद कर दिया. कश्मीर के मुख्य मौलवी मीरवाइज उमर फारूक ने X पर एक पोस्ट में कहा, “पवित्र रमजान के आखिरी शुक्रवार को, जब हज़ारों लोग शहरों और गांवों से ऐतिहासिक जामा मस्जिद श्रीनगर में नमाज और दुआ के लिए इकट्ठा हुए, तो इसके गेट एक बार फिर चारों तरफ से बंद कर दिए गए हैं.” उन्होंने कहा कि यह लगातार सातवां साल है, जब सरकार ने मुसलमानों को यहां नमाज पढ़ने की इजाजत नहीं दी है.” उन्होंने कहा इजरायल ने रमजान के महीने में अल-अक्सा मस्जिद के गेट बंद कर दिए हैं, उसी तरह हमारे लिए भी मस्जिद भी बंद कर दी गई है. हमें भी उसी तरह दर्द हो रहा है. उन लोगों को शर्म आनी चाहिए जो अल्लाह के घरों को वफ़ादार लोगों के खिलाफ बंद कर देते हैं.”
पहले भी हुए थे प्रदर्शन
इससे पहले जब अमेरिका और इजरायल के हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी, तब भी कश्मीर में प्रदर्शन हुए थे. कश्मीर में शिया मुसलमानों की तादाद ज्यादा है और खामेनेई शिया के सर्वोच्च धर्मगुरु हैं, इसलिए कश्मीर में शिया मुसलमानों ने विरोध प्रदर्शन किए. प्रदर्शन उग्र होने के बाद सरकार को प्रतिबंध भी लगाने पड़े थे. खामेनेई की मौत के बाद सिर्फ कश्मीर ही नहीं, बल्कि पूरे देश के शिया मुसलमानों ने सड़कों पर प्रदर्शन किए थे.
समाचार स्रोत: पीटीआई
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान का अफगानिस्तान पर भीषण हवाई हमला, काबुल और कंधार में 4 नागरिकों की मौत
