9
Delhi Police: पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 10 लोगों को गिरफ्तार किया है. ये विदेशी हथियार पाकिस्तान से नेपाल के रास्ते भारत आ रहे थे.
25 मार्च 2026
दिल्ली पुलिस: दिल्ली पुलिस को बुधवार को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 10 लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरोह विदेशी हथियारों को देश के कई शहरों में सक्रिय अपराधियों को सप्लाई कर रहा था. ये विदेशी हथियार पाकिस्तान से नेपाल के रास्ते भारत आ रहे थे. पूरा नेटवर्क पुरानी दिल्ली से संचालित हो रहा था. आरोपियों के पास से विदेशी निर्मित अत्याधुनिक हथियारों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया गया है. दिल्ली पुलिस ने बुधवार को पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश से जुड़े एक अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ कर 10 लोगों को गिरफ्तार किया है.
घातक PX-5.7 पिस्टल भी मिली
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से 200 जिंदा कारतूसों के साथ सब-मशीन गन और स्वचालित पिस्तौल सहित विदेश निर्मित हथियारों का एक जखीरा बरामद किया गया. दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान कुल 21 आग्नेयास्त्र जब्त किए गए, जिनमें कई देशों से प्राप्त उच्च गुणवत्ता वाले स्वचालित हथियार और पिस्तौल शामिल थे. बरामद हथियारों में एक चेक गणराज्य निर्मित सब-मशीन गन और विदेशों में बने काफी पिस्तौल शामिल हैं. जब्त किए गए हथियारों में पीएक्स-5.7 पिस्तौल भी है. ये पिस्तौल आमतौर पर सुरक्षा बलों द्वारा उपयोग की जाती है. अधिकारियों ने बताया कि बरामद जखीरे में तुर्की में निर्मित स्टोएगर पिस्तौल, चीन से पीएक्स -3 पिस्तौल, चेक गणराज्य से शैडो सीजेड पिस्तौल, साथ ही बेरेटा (इटली), टॉरस (ब्राजील) और वाल्थर (जर्मनी) के पिस्तौल थे.
जांच के लिए टीमों का गठन
पुलिस की प्रारंभिक जांच से पता चला कि गिरोह एक सुसंगठित सीमा पार नेटवर्क का हिस्सा था जो भारत में आपराधिक तत्वों को अवैध हथियारों की तस्करी और आपूर्ति में शामिल था. पुलिस ने कहा कि आरोपी कथित तौर पर पड़ोसी देशों से सक्रिय अंतरराष्ट्रीय संचालकों और आपूर्तिकर्ताओं के संपर्क में थे. पुलिस ने बताया कि सिंडिकेट ने सीमाओं के पार हथियारों को ले जाने और उसे देश के विभिन्न हिस्सों में संपर्कों को वितरित करने के लिए गुप्त मार्गों और मध्यस्थों का इस्तेमाल किया. पुलिस ने कहा कि गिरोह के संबंधों का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य सहयोगियों की पहचान करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं. जांच के लिए टीमों का गठन किया गया है. दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हथियार तस्करी की सूचना काफी दिनों से मिल रही थी. इसी आधार पर गिरोह का भंडाफोड़ करने के लिए जाल बिछाया गया.
ये भी पढ़ेंः ‘एनकाउंटर करने वालों का एनकाउंटर करेंगे’, भड़काऊ बयान मामले में AIMIM के 3 नेता गिरफ्तार
