Home Top News रूस ने यूक्रेन पर फिर बरपाया कहर

रूस ने यूक्रेन पर फिर बरपाया कहर

by Live India
रूस ने यूक्रेन पर फिर बरपाया कहर

10

Russo-Ukrainian War : रूस ने शनिवार को यूक्रेन पर एक बार फिर मिसाइल और ड्रोन से हमले किए हैं. इस हमले में यूक्रेन के चार नागरिकों की मौत हो गई और 20 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं.

25 अप्रैल 2026

रूस-यूक्रेनी युद्ध: यूक्रेन और रूस के बीच जारी चार सालों से युद्ध अभी भी रुकने का नाम नहीं ले रहा है. दोनों देशों की तरफ से मिसाइल और ड्रोन से हमले जारी हैं और इसी कड़ी में रूस ने एक यूक्रेन के निप्रो शहर पर हमला किया. स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को निप्रो पर रूस ने ड्रोन और मिसाइलों से हमला किया, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और 21 लोग घायल हुए हैं. निप्रोपेट्रोव्स्क क्षेत्र के प्रमुख ओलेक्जेंडर गान्झा ने बताया कि रात भर हुए हमले में एक घर के मलबे से चार लोगों के शव मिले हैं.

11 लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया

वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने शनिवार को कहा कि शहर पर रूसी हमले के बाद निप्रो के अस्पतालों में 11 लोगों को भर्ती करवाया गया. गान्झा ने बताया कि निप्रो पर रूस पूरी रात हमला करता रहा. इतने घातक हमलों की वजह से निप्रो भर में आग लग गई और कई अपार्टमेंट इमारतें, व्यापारिक प्रतिष्ठान तथा एक निजी घर आंशिक रूप से तबाह हो गए. दक्षिण-पश्चिम में ओडेसा क्षेत्र पर रात भर हुए ड्रोन हमलों में दो लोग घायल हो गए.

रिहायशी इमारतों को पहुंचा नुकसान

यूक्रेन के दक्षिणी हिस्से में रिहायशी इमारतों, बंदरगाह के बुनियादी ढांचे और कारों को भारी नुकसान पहुंचा है. दूसरी तरफ रूस के बेलगोरोद के सीमावर्ती क्षेत्र में एक ड्रोन हमले में एक महिला की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. रात भर चलें हमलों के बाद रोमानिया के रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि दक्षिण पूर्वी शहर गलाती के एक इलाके में ड्रोन के टुकड़े मिले हैं. यह शहर NATO सदस्य देश की यूक्रेन के साथ लगती सीमा के पास स्थित है. फिलहाल, कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है और किसी बड़ी इमारत पर भी हमला नहीं किया गया.

कैदियों की हुई अदला-बदली

वहीं, शुक्रवार को रूस और यूक्रेन ने कैदियों की अदला-बदली हुई और दोनों देशों ने करीब 193 कैदियों का आदान-प्रदान किया. हालांकि, कैदियों की समय-समय पर अदला-बदली होती रहती है और यह दोनों देशों के बीच में सकारात्मक परिणामों का नतीजा है. बता दें कि मास्को और कीव के बीच अमेरिका की मध्यस्थता में शांति स्थापित करने के लिए महीनों तक वार्ता चली, लेकिन इसका कोई नतीजा सामने नहीं आया. इन वार्ताओं के दौरान कोई प्रगति नहीं हुई क्योंकि दोनों पक्षों में से कोई भी पीछे हटने को तैयार नहीं हुआ.

समाचार स्रोत: पीटीआई

Related Articles