16
Extremely Severe Alerts: आज शनिवार करीब 11 बजकर 41 मिनट पर मोबाइल पर तेज बीप के साथ आए अलर्ट मैसेज ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. सभी चर्चा करने लगे कि आखिरकार उनके फोन में ऐसा क्यों हुआ?
2 मई 2026
अत्यंत गंभीर चेतावनियाँ: भारत सरकार देश में किसी भी प्रकार की आपदा या इमरजेंसी स्थिति से निपटने के लिए समय-समय पर कई सारी तैयारियां और टेस्टिंग करती रहती है. सरकार की कोशिश होती है कि किसी भी विपरीत स्थिति में सूझबूझ से काम लिया जाए और इसके लिए देश के नागरिकों को पहले से ही जागरूक कर दिया जाए.
इस बीच आज पूरे भारत में लोगों के फोन पर भारत सरकार की ओर से एक अलर्ट मैसेज आया. इतना ही नहीं, इस दौरान फोन में तेज बीप के साथ मैसेज दिखाई देने लगा. यह आज शनिवार को करीब 11 बजकर 41 मिनट पर हुआ. इस मैसेज पर लिखा था ‘Extremely Severe Alerts’. अचानक बजी इस बीप की तेज आवाज ने लोगों को कुछ पल के लिए सोच में डाल दिया, लेकिन बड़ी बात यह है कि यह भारत सरकार की ओर से एक टेस्टिंग का हिस्सा है और इससे बिल्कुल भी किसी को घबराने की जरूरत नहीं है. आइए अब इसके बारे में विस्तार से जानते हैं.
आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए टेस्टिंग
भारत सरकार की ओर से आपदा या इमरजेंसी के दौरान देश की जनता को अलर्ट और किसी भी मुसीबत से सामना करने को लेकर एक टेस्ट की जा रही है. आज आपके फोन पर तेज बीप के साथ आया यह मैसेज भी इसी टेस्टिंग का हिस्सा है.
यह टेस्ट भारत सरकार के दूरसंचार विभाग, गृह मंत्रालय, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, सेंटर फॉर डेवलपमेंट और दूरसंचार सेवा प्रदात्ता की ओर से की जा रही है. यह एक सेल अलर्ट सिस्टम की टेस्टिंग है. भारत सरकार का कहना है कि इस मैसेज को प्राप्त करने पर जनता को कोई कार्रवाई करने की आवश्यकता नहीं है.
क्या है Cell Broadcast System?
Cell Broadcast System की बात करें तो यह एक मोबाइल अलर्ट सिस्टम है, जिसके द्वारा आपातकालीन स्थिति में देश के नागरिकों को समय रहते हुए चेतावनी भेजी जाती है. इसमें आपके फोन पर तेज बीप के साथ फ्लैश मैसेज दिखाई देता है. भारत सरकार के द्वारा भेजे गए इस मैसेज से किसी को भी घबराने या चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है. यह अलर्ट पूरे भारत में यानी पैन-इंडिया इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम की तैयारी है.
मैसेज में क्या लिखा था?
भारत सरकार के द्वारा बीप के साथ लोगों के फोन पर आए इस अलर्ट मैसेज यानी Extremely Severe Alerts में लिखा था- भारत ने स्वदेशी तकनीक का उपयोग करते हुए सेल ब्रॉडकास्ट सेवा शुरू की है, जिससे नागरिकों को आपदा की तत्काल सूचना मिल सकेगी. सतर्क नागरिक, सुरक्षित राष्ट्र. इस संदेश को प्राप्त करने पर जनता को कोई कार्रवाई करने की आवश्यकता नहीं है. यह एक परीक्षण संदेश है.
यह भी पढ़ें: दिल्लीवासी घर बैठे भर सकेंगे जनगणना का फॉर्म, जानें पूरी ऑनलाइन प्रक्रिया और आखिरी डेट
