13
कीव पर रूस का हमला: रूस ने गुरुवार तड़के मिसाइलों और ड्रोन से यूक्रेन की राजधानी पर बड़े पैमाने पर हमला किया. देर रात हुए इन जबरदस्त हमलों से जोरदार धमाके हुए और कीव की धरती घंटों तक कांपती रही. कीव सिटी मिलिट्री एडमिनिस्ट्रेशन के हेड तिमुर तकाचेंको ने कहा कि हमलों में रिहायशी इमारतों को नुकसान हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। मेयर विटाली क्लिट्स्को ने कहा कि कम से कम 11 लोग घायल हुए हैं. इस हमले से पूरे कीव में एयर रेड सायरन बजने लगे और लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
10 जिलों में मची तबाही
बैलिस्टिक, क्रूज मिसाइलों और ड्रोन से हुए हमले का असर शहर के सभी 10 जिलों पर पड़ा, जो नीप्रो नदी के दोनों तरफ हैं. यूक्रेन के प्रेसिडेंट व्लादिमार जेलेंस्की और दूसरे अधिकारियों ने हमले चेतावनी पहले ही दे दी, जिसके बाद कई लोगों ने मेट्रो स्टेशनों और बंकरों में शरण ली. रूस ने हाल के हफ्तों में कीव पर अपने हमले तेज कर दिए हैं, जबकि यूक्रेन ने अपने लंबी दूरी के ड्रोन कैंपेन से रूसी मिलिट्री साइट्स और एनर्जी फैसिलिटीज पर हमले करके फ्यूल की कमी और सप्लाई लाइनों में रुकावट पैदा कर दी है.
लोगों में दहशत
अधिकारियों ने लोगों से शेल्टर में रहने की अपील की और राजधानी पर चल रहे “दुश्मन के जबरदस्त हमले” के बारे में बताया. कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने कहा कि शहर पर ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों से लगातार हमला हो रहा है और शहर के कई हिस्सों में आग लग गई है. सेंट्रल कीव में शेवचेंको बुलेवार्ड पर एक होटल की ऊपरी मंजिलों पर भीषण आग लग गई, जिसकी लपटें मीलों दूर तक दिखाई दे रही थीं.
शेवचेनकिव्स्की जिले में पांच लोग घायल हुए हैं और घायलों में से एक की हालत बहुत गंभीर है. डेस्नियान्स्की जिले में, लोग एक क्षतिग्रस्त नौ-मंजिला रिहायशी इमारत के अंदर फंस गए थे और बचाव दल मौके की ओर बढ़ गए. होलोसिव्स्की जिले में, एक बहुमंजिला इमारत की छत पर आग लग गई. स्वियातोशिन्स्की और डार्नित्स्की जिलों में, घरों में आग लग गई और लोग इमारतों के मलबे में फंस गए.
पोलैंड की एयर फोर्स अलर्ट
रूस के हमले का असर यूक्रेन की सीमाओं के बाहर भी महसूस किया गया. NATO सदस्य पोलैंड ने तुरंत अपना सिक्योरिटी सिस्टम एक्टिवेट कर दिया. पोलिश मिलिट्री ने F-16 फाइटर जेट्स भेजे और एयर डिफेंस मिसाइल सिस्टम और रडार यूनिट्स को हाई अलर्ट पर रखा. यह कदम उसके एयरस्पेस और यूक्रेन के साथ बॉर्डर एरिया की सिक्योरिटी पक्का करने के लिए उठाया गया था.
तुर्किये का हथियार बाजार और नाटो का सम्मेलन: क्या अंकारा बनने जा रहा है नया वैश्विक डिफेंस हब?
समाचार स्रोत: पीटीआई
