9
कानपुर सड़क दुर्घटना: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक बहुत ही दर्दनाक सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है. मिली जानकारी के अनुसार, हरियाणा के सिरसा से बिहार जा रही फैमली की स्कॉर्पियो कानपुर में सड़क हादसे का शिकार हो गई. यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और इसके अंदर ही लोग फंस गए.
सोमवार सुबह हुई इस सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई है. इनमें दो बच्चे भी शामिल हैं. वहीं, 9 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ के हालात गंभीर हैं और उन सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आइए जानते हैं पूरी खबर.
गैस कटर से बाहर निकाले गए पीड़ित- पुलिस
न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, यूपी के कानपुर के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोमवार को रूमा के पास नेशनल हाईवे पर एक एसयूवी (स्कॉर्पियो) की टक्कर एक खड़े ट्रक से हो गई. इसमें दो बच्चों सहित एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई और नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि एसयूवी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग फंस गए. रास्ते पर चल रहे लोगों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद महाराजपुर पुलिस स्टेशन के पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे.
उन्होंने बताया कि बचाव दल ने गैस कटर की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन से पीड़ितों को बाहर निकाला. अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच से मालूम होता है कि एसयूवी ड्राइवर ने दूसरी गाड़ी को ओवरटेक करने की कोशिश की और उस समय वह नियंत्रण खो दिया. उसके बाद उसकी स्कॉर्पियो खड़े ट्रक से टकरा गई, जिसके बाद यह बड़ा हादसा हो गया. हालांकि, पुलिस आगे की जांच कर रही है.
सिरसा से बिहार जा रहा था परिवार- पुलिस आयुक्त
कानपुर के पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने पीटीआई को बताया कि परिवार हरियाणा के सिरसा से बिहार जा रहा था, तभी सुबह करीब 5 बजे यह दुर्घटना हुई. पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायलों को पहले कांशीराम अस्पताल ले जाया गया और बाद में लाला लाजपत राय (एलएलआर) अस्पताल में रेफर कर दिया गया. मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, लेकिन मृतकों में एक 10 वर्षीय लड़का और एक 14 वर्षीय लड़की शामिल हैं.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक सर्विस लेन पर खड़ा था और दुर्घटना के समय उसका चालक वाहन के अंदर ही था. ट्रक चालक कथित तौर पर घटनास्थल से भाग गया, लेकिन थोड़ी दूरी पर पुलिस की एक वाहन (पीआरवी) द्वारा उसे पकड़ लिया गया.
UP में एक्सीडेंट की लगी कतार! मैनपुर, मुजफ्फरनगर और देवरिया में सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत; 3 घायल
