9
फीफा विश्व कप 2026: 11 जून से 48 टीमों के साथ शुरू हुआ फुटबॉल का महाकुंभ अब अपने शानदार और रोमांचक समापन की ओर है. इन 48 टीमों में से अब केवल तीन टीमें ही बची हैं, जिनमें स्पेन, इंग्लैंड और अर्जेंटीना हैं. भारतीय समयानुसार 15 जुलाई रात 12:30am को फ्रांस और स्पेन के बीच डलास में फीफा विश्व कप का पहला सेमीफाइनल मुकाबला खेला गया. इस मुकाबले में फ्रांस के कप्तान काइलियन एमबापे की टीम पर स्पेन के कप्तान लामिन यमाल की टीम भारी पड़ी.
स्पेन ने फीफा के इस पहले सेमीफाइनल में पिछली बार की उप-विजेता रही फ्रांस की टीम को हराकर FIFA World Cup 2026 के फाइनल में जगह बना ली है. सेमीफाइनल का दूसरा मुकाबला इंग्लैंड और अर्जेंटीना के बीच भारतीय समयानुसार 16 जुलाई (रात 12:30am) को अटलांटा के जॉर्जिया स्टेडियम में होगा. इनमें से जीतने वाली टीम फाइनल में पहुंचेगी और उसका मुकाबला स्पेन के साथ 19 जुलाई को ईस्ट रदरफोर्ड न्यू जर्सी स्थित न्यूयॉर्क न्यू जर्सी स्टेडियम में खेला जाएगा.
स्पेन ने फ्रांस को 2-0 से हराया
मैच रिपोर्ट के अनुसार, स्पेन के युवा विंगर लामिने यामल के शानदार खेल के बाद मिकेल ओयार्जाबल ने पेनल्टी स्पॉट से गोल किया. वहीं, पेड्रो पोरो ने एक और गोल जोड़ा और स्पेन ने मंगलवार को फ्रांस को 2-0 से हरा दिया. स्पेन की टीम 2010 में जीत हासिल करने के बाद पहली बार विश्व कप फाइनल में जगह बनाई है. मतलब कि अब स्पेन के पास फीफा विश्व कप को दूसरी बार जीतने का बड़ा मौका है.
फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर मिली इस जीत के साथ स्पेन ने लगातार तीसरी बार किसी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मैच में फ्रांस को हराया है. यामल ने अपने 17वें जन्मदिन से कुछ ही दिन पहले 2024 यूरोपीय चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल में 2-1 की जीत में गोल किया था, और पिछले साल नेशंस लीग में ला रोजा ने 5-4 से जीत दर्ज की थी.
मालूम हो कि पिछले शुक्रवार को बेल्जियम पर क्वार्टरफाइनल में जीत के बाद, यामल ने कहा था कि उन्हें लगता है कि फ्रांस को स्पेन से डरना चाहिए. उनके ये शब्द बिल्कुल सच साबित हुए.
एमबापे अब खेलेंगे ये मैच
फीफा रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज फ्रांस की टीम काइलियन एमबापे लगातार तीन विश्व कप फाइनल में पहुंचने वाली तीसरी टीम बनने की कोशिश कर रही थी, लेकिन अब वे शनिवार को फ्लोरिडा के मियामी गार्डन्स में तीसरे स्थान के लिए होने वाला मैच खेलेंगे. यह मुकाबला न्यूयॉर्क शहर के सामने नदी के पार स्थित मेटलाइफ स्टेडियम में होने वाले फाइनल से एक दिन पहले है.
कौन कितनी बार जीता है फीफा विश्व कप?
फीफा विश्व कप को सबसे अधिक बार ब्राजील ने जीता है. यह देश साल 1958, 1962, 1970,1994 और 2002 में कुल 5 बार फीफा विश्व कप का विजेता रहा है. जर्मनी ने फीफा विश्व कप को कुल 4 बार जीता है, इसने 1954, 1974, 1990 और 2014 में जीत हासिल की है. इटली भी कुल 4 बार फीफा विश्व कप को जीता है. इसने 1934, 1938, 1982 और 2006 में जीत दर्ज की. अर्जेंटीना ने कुल तीन बार 1978, 1986 और 2022 में फीफा विश्व कप को अपने नाम किया है.
फ्रांस ने 1998 और 2018 में फीफा विश्व कप को जीता था. उरुग्वे ने भी दो बार फीफा विश्व कप को जीता है. इसने 1930 और 1950 में यह जीत हासिल की थी. वहीं, इंग्लैंड (1966 में) और स्पेन (2010) ने फीफा विश्व कप को एक-एक बार जीता है.
भारत में ऐसे देखें फीका विश्व कप
अगर आप भारत से बैठे-बैठे ही फीफा विश्व कप का आनंद लेना चाहते हैं, तो हम यहां खास और जरूरी जानकारी दे रहे हैं. फीफा विश्व कप 2026 को आप टीवी पर ‘यूनाइट 8 स्पोर्ट्स’ चैनल पर देख सकते हैं. वहीं, ओटीटी प्लेटफॉर्म या डिजिटली आप इसे जी5 (Zee5) पर देख सकते हैं.
FIFA World Cup 2026: 48 टीमें, 104 मैच और 1248 खिलाड़ी; शुरू हो रहा है फुटबॉल का महाकुंभ
समाचार स्रोत: पीटीआई
