Home News भूकंप से कांपी जापान की धरती

भूकंप से कांपी जापान की धरती

by Live India
भूकंप से कांपी जापान की धरती

जापान भूकंप से मरने वालों की संख्या: जापान में आए 7.1 तीव्रता वाले भूकंप ने तबाही मचा दी है. इस भूकंप में जापान के दक्षिणी मुख्य द्वीप क्यूशू में काफी नुकसान की खबर सामने आई है. मिली जानकारी के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को जापान के दक्षिणी मुख्य द्वीप क्यूशू में 7.1 तीव्रता का भूकंप आया. इसमें दर्जनों लोग घायल हो गए व कई लापता हो गए.

भूकंप के कारण एक शॉपिंग सेंटर का हिस्सा और पेपर फैक्ट्री की एक बड़ी चिमनी ढह गई. इस भीषण भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई थी, हालांकि, बाद में उसे जल्द ही हटा लिया गया. भूकंप की वजह से कुमामोटो प्रांत के यात्सुशिरो में एक पुल का हिस्सा गिर गया.

भूकंप में 13 लोगों की मौत- पीएम तकाइची

न्यूज एजेंसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची ने कहा कि दक्षिण-पश्चिमी जापान के कुछ हिस्सों में आए जबरदस्त भूकंप ने नुकसान पहुंचाया है. उन्होंने बताया कि इस भूकंप में 13 लोगों की मौत हो गई है और बुधवार सुबह भी लापता लोगों के लिए बचाव कार्य जारी है.

मंगलवार देर शाम दक्षिणी मुख्य द्वीप क्यूशू के कुमामोटो इलाके में 7.1 तीव्रता का भूकंप आया था. पीएम तकाइची ने कहा कि रात भर चले बचाव कार्य के दौरान कई अन्य लोग घायल हुए या अभी भी लापता हैं.

मलबे में दबे कई लोग

रिपोर्ट के अनुसार, कुमामोटो शहर के फायर डिपार्टमेंट के अनुसार, काशिमा टाउन में भूकंप की वजह से ‘एओन मॉल’ शॉपिंग सेंटर की दूसरी मंजिल गिर गई, जिससे कई लोग वहां फंस गए. जापान के एक टेलीविजन ने बताया कि यह हिस्सा एक धमाके के बाद गिरा; माना जा रहा है कि यह धमाका बिल्डिंग में गैस लीक होने की वजह से हुआ था.

कुमामोटो की इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम ने बताया कि चार लोगों को घायल हालत में बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि 10 अन्य लोगों का कोई पता नहीं चल पाया है. टीम ने कहा कि नुकसान का अंदाजा लगाने के लिए अभी भी जांच चल रही है और खोज व बचाव का काम जारी है.

कुमामोटो इमरजेंसी टीम ने बताया कि निप्पॉन पेपर इंडस्ट्रीज कंपनी की यात्सुशिरो फैक्टरी में, जहां एक चिमनी गिर गई थी और बिल्डिंग को नुकसान पहुंचा था, 11 लोग मलबे के नीचे फंस गए थे. टीम के अनुसार, उनमें से दो लोगों में बाद में कोई हलचल नहीं मिली (यानी उनकी मौत हो चुकी थी), जबकि बाकी नौ लोगों की हालत के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई.

बुलेट ट्रेन और एयरपोर्ट पर संचालन बंद

भूकंप के बाद क्यूशू में शिंकांसेन बुलेट ट्रेन और लोकल ट्रेनों का संचालन सुरक्षा जांच के लिए निलंबित कर दिया गया और आसो कुमामोटो हवाई अड्डे का रनवे बंद कर दिया गया. हवाई अड्डे की वेबसाइट पर जारी एक नोटिस के अनुसार, निकट भविष्य में इनके संचालन फिर से शुरू होने की कोई संभावना नहीं है. हालांकि, इस संबंध में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है.

वहीं, जापान के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने स्थिति का आकलन करने के लिए क्षेत्र में सैन्य विमान भेजे हैं. जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के शिंजी कियोमोतो ने निवासियों से अगले दो से तीन दिनों तक सतर्क रहने का आग्रह किया.

भूकंप : वेनेजुएला में शवों को इकट्ठा नहीं कर पा रहे अधिकारी! लगातार बढ़ रहा मौतों का आंकड़ा

समाचार स्रोत: पीटीआई

Related Articles