10
बड़े साहब: टीवी का सबसे चर्चित और विवादित रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ इस बार पहले से कहीं ज्यादा बड़े अंदाज में लौटने वाला है. इस साल सितंबर में फेस्टिव सीजन के दौरान दर्शकों को एक नहीं, बल्कि 6 अलग-अलग भाषाओं में ‘बिग बॉस’ के नए सीजन देखने को मिलेंगे. खास बात ये है कि इस बार बंगाली वर्जन में पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली पहली बार होस्ट की भूमिका निभाते नजर आएंगे. जियोस्टार ने सोमवार को इस बड़े ऐलान के साथ बताया कि हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और बांग्ला भाषा में ‘बिग बॉस’ के नए सीजन सितंबर से शुरू होंगे. सभी शो जियोस्टार के टीवी नेटवर्क पर प्रसारित किए जाएंगे, जबकि डिजिटल प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार पर भी स्ट्रीम होंगे.
6 भाषाओं में लौटेगा बिग बॉस
हर भाषा के संस्करण को उसके लोकप्रिय चेहरे होस्ट करेंगे. हिंदी ‘बिग बॉस’ में एक बार फिर सलमान खान दर्शकों का मनोरंजन करते नजर आएंगे. तमिल संस्करण की कमान विजय सेतुपति संभालेंगे, जबकि तेलुगु में नागार्जुन होस्ट की भूमिका निभाएंगे. कन्नड़ संस्करण में किच्चा सुदीप, मलयालम में मोहनलाल और पहली बार बांग्ला ‘बिग बॉस’ की मेजबानी सौरव गांगुली करेंगे. गांगुली का इस फ्रेंचाइजी से जुड़ना बंगाली दर्शकों के लिए किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं है.
पहली बार 6 एडिशन
जियोस्टार के मुताबिक, ये ‘बिग बॉस’ फ्रेंचाइजी के इतिहास का सबसे बड़ा पड़ाव है. पहली बार 6 अलग-अलग भाषाओं के सीजन एक साथ लॉन्च किए जा रहे हैं. इससे देशभर के दर्शकों को अपनी पसंदीदा भाषा में शो देखने का मौका मिलेगा. साथ ही फेस्टिव सीजन में मनोरंजन का डोज कई गुना बढ़ जाएगा. कंपनी का मानना है कि अलग-अलग भाषाओं में एक साथ शो लॉन्च होने से और ज्यादा दर्शक इससे जुड़ पाएंगे.
Courtroom ड्रामा के शौकीनों के लिए बेस्ट हैं ये 6 फिल्में, हर बहस और हर फैसला आपको सीट से रखेगा बांधे
2025 के तोड़ा रिकॉर्ड
जियोस्टार के शेयर किए गए आंकड़ों के मुताबिक, साल 2025 में ‘बिग बॉस’ ने सभी भाषाओं में मिलाकर 50 करोड़ से ज्यादा दर्शकों तक अपनी पहुंच बनाई. शो को कुल 438 अरब से ज्यादा व्यूइंग मिनट्स मिले, जो इसकी जबरदस्त लोकप्रियता को दिखाते हैं. इतना ही नहीं, शो से 46 अलग-अलग कैटेगरी के 625 से ज्यादा ब्रांड जुड़े. इनमें 49 ऐसे ब्रांड भी शामिल थे जिन्होंने पहली बार ‘बिग बॉस’ के साथ साझेदारी की.
दर्शकों की भागीदारी
‘बिग बॉस’ की सबसे बड़ी खासियत ये है कि इसमें दर्शक सिर्फ शो देखते ही नहीं, बल्कि उसका हिस्सा भी बनते हैं. लाइव वोटिंग, लाइव चैट और 24×7 लाइव फीड ने इसे दूसरे रियलिटी शोज से अलग पहचान दी है. कंपनी के मुताबिक, 2025 में दर्शकों ने 9.32 अरब से ज्यादा वोट डाले और 4.3 करोड़ लाइव चैट किए. सोशल मीडिया पर भी शो की जबरदस्त धूम रही. ‘बिग बॉस’ से जुड़े 1.7 अरब से ज्यादा सोशल मीडिया एंगेजमेंट दर्ज किए गए, जबकि करीब 3 करोड़ मीम्स भी बनाए गए.
किताब भी हुई लॉन्च
इस मौके पर जियोस्टार ने ‘India’s Bigg Reality’ नाम की एक खास कॉफी टेबल बुक भी लॉन्च की. इस किताब में पिछले दो दशकों में ‘बिग बॉस’ के सफर, दर्शकों की भागीदारी, मार्केटिंग सफलता और शो के असर को विस्तार से बताया गया है.
सितंबर का इंतज़ार
‘बिग बॉस’ की शुरुआत साल 2006 में हिंदी संस्करण के साथ हुई थी. ये शो अंतरराष्ट्रीय रियलिटी फॉर्मेट ‘बिग ब्रदर’ पर आधारित है. समय के साथ इसकी लोकप्रियता इतनी बढ़ी कि इसे तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम के साथ कई और भारतीय भाषाओं में भी लॉन्च किया गया. आज ‘बिग बॉस’ भारत के सबसे लंबे समय तक चलने वाले और सबसे ज्यादा देखे जाने वाले रियलिटी शोज में शामिल है. हर सीजन नए कंटेस्टेंट्स, दिलचस्प टास्क, विवाद और मनोरंजन का तड़का लेकर आता है. अब सितंबर में एक साथ 6 भाषाओं में होने वाली वापसी ने फैंस की एक्साइटमेंट को और बढ़ा दिया है. खासकर सौरव गांगुली की एंट्री इस बार के सीजन को पहले से कहीं ज्यादा खास बनाने वाली है.
समाचार स्रोत: पीटीआई
Ramayana के ट्रेलर में छा गए यश! Ranbir बने भगवान ‘राम’, लेकिन ‘रावण’ का अंदाज ले गया लाइमलाइट
