Home News CM योगी ने दी बच्चों को सीख

CM योगी ने दी बच्चों को सीख

by Live India
CM योगी ने दी बच्चों को सीख

UP Education: राज्यपाल आनंदी बेन पटेल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आदर्श माध्यमिक विद्यालय जनभवन के 5.17 करोड़ रुपये से निर्मित नवीन भवन का उद्घाटन किया.

यूपी शिक्षा: राज्यपाल आनंदी बेन पटेल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आदर्श माध्यमिक विद्यालय जनभवन के 5.17 करोड़ रुपये से निर्मित नवीन भवन का उद्घाटन किया. सीएम योगी ने इस अभिनव प्रयास के लिए राज्यपाल का आभार प्रकट किया. उन्होंने बच्चों को सीख दी कि परिश्रम का कोई विकल्प नहीं है. प्रयास करने से सभी कार्य होते हैं. परिश्रमी व्यक्ति ही अपना लक्ष्य प्राप्त करने में सफल होता है. इस अवसर पर अतिथियों ने ‘हमारा जनभवन’ पुस्तक का विमोचन भी किया और विद्यालय की प्रधानाचार्या व चालक को स्कूल बस की चाबी प्रदान की. मुख्यमंत्री ने कहा कि अमन्त्रमक्षरं नास्ति, नास्ति मूलमनौषधम्। अयोग्यः पुरुषः नास्ति, योजकः तत्र दुर्लभः अर्थात कोई भी अयोग्य नहीं है. जैसे कोई अक्षर अयोग्य नहीं है, हर अक्षर में मंत्र और हर वनस्पति में औषधि बनने की ताकत है. वैसे ही हर मनुष्य में योग्य बनने का सामर्थ्य है, लेकिन उसके लिए योजक चाहिए. शिक्षा के लिए राज्यपाल ने योजक के रूप में मॉडल प्रस्तुत किया है. बेसिक व माध्यमिक शिक्षा परिषद इससे प्रेरणा प्राप्त कर सकती हैं. यह उदाहरण हर एक क्षेत्र में प्रस्तुत किया जा सकता है.

बच्चों को दिया वैद्य जीवक का उदाहरण

सीएम योगी ने बच्चों के समक्ष वैद्य जीवक का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने आयुर्वेद में पहचान बनाई. तक्षशिला में शिक्षा अर्जित करने के बाद गुरु से आज्ञा लेने गए और कहा कि मैं वापस अपने देश-घर जाना चाहता हूं. इस पर गुरु ने कहा कि पहले परीक्षा देनी होगी. वन में जाओ और ऐसी वनस्पति ढूंढकर लाओ, जिसमें औषधीय गुण न हो. जीवक ने तक्षशिला के वन में जाकर कई दिनों तक निवास किया और वापस आकर गुरु से कहा कि ऐसी कोई भी वनस्पति नहीं है, जिसमें औषधीय गुण न हो.

शिक्षण संस्थान का आदर्श मॉडल बना नया भवन

सीएम योगी ने नवनिर्मित विद्यालय भवन की तारीफ करते हुए शिक्षा विभाग के अधिकारियों से कहा कि उन्हें यहां शिक्षण संस्थान का आदर्श मॉडल प्राप्त हो रहा है. इस मॉडल को कहीं भी प्रस्तुत कर सकते हैं. जैसा हम प्रस्तुत करते हैं, लोग उसी रूप में अंगीकार भी करेंगे. वर्तमान व भविष्य की पीढ़ी किस प्रकार के संस्थानों में शिक्षा अर्जित कर रही है, यह भी देखना पड़ेगा. भवन अच्छा है तो उसके अनुरूप वहां शिक्षा का माहौल बनाने में भी मदद मिलेगी.

राज्यपाल ने बच्चों से की बातचीत

कहा कि प्राकृतिक वातावरण में अपग्रेडेशन के साथ शिक्षा सर्वसमावेशी विकास का मॉडल बन सके, राज्यपाल ने आदर्श माध्यमिक विद्यालय जनभवन में इसी अभिनव प्रयास को आगे बढ़ाया है. माध्यमिक व बेसिक शिक्षा के अधिकारी इसे सीएम कंपोजिट विद्यालय के मॉडल के रूप में अंगीकार कर सकते हैं. मुख्यमंत्री ने अलग-अलग जनपदों से लोगों को बुलाकर इस विद्यालय का अवलोकन कराने को कहा. योगी ने राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के साथ आदर्श माध्यमिक विद्यालय जनभवन का अवलोकन किया. फिर कक्षाओं व लैब में पहुंचकर बच्चों से बातचीत भी की.

योगी ने बच्चों का बढ़ाया हौसला

सोमवार को विभिन्न परिधानों में विद्यालय पहुंचे बच्चों से सीएम ने महापुरुषों, उनकी वेशभूषा आदि के बारे में जानकारी ली. सीएम विद्यालय में स्थापित सुनीता विलियम्स विलेज स्पेस लैब भी पहुंचे. यहां खुशी नामक बच्ची ने सीएम को अपने द्वारा बनाए गए मॉडल के बारे में विस्तार से जानकारी दी. सीएम ने राज्यपाल के साथ अन्य बच्चों के मॉडल भी देखे, बच्चों से सवाल किए और उनकी हौसला अफजाई भी की. सीएम ने अटल बिहारी वाजपेयी पुस्तकालय व कंप्यूटर लैब का भी अवलोकन किया और इनके बारे में जानकारी प्राप्त की. राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने बच्चों के अनुरोध पर उनके साथ फोटो भी खिंचवाई. ओएसडी सुधीर एम बोबडे व अन्य अधिकारियों ने मुख्यमंत्री समेत सभी अतिथियों को विद्यालय की विशेषताओं से अवगत कराया.

ये भी पढ़ेंः SSC GD 2026 का शेड्यूल जारी, कैंडिडेट्स जल्द चुनें अपना परीक्षा सप्ताह और शहर, जानें जरूरी तारीखें

Related Articles