Home News India-Cyprus relations: भारत-साइप्रस के बीच साझेदारी

India-Cyprus relations: भारत-साइप्रस के बीच साझेदारी

by Live India
India-Cyprus relations: भारत-साइप्रस के बीच साझेदारी

भारत-साइप्रस संबंध: भारत और साइप्रस ने शुक्रवार को अपने द्विपक्षीय संबंधों को ‘रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर पर पहुंचा दिया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडोलाइड्स के बीच हुई व्यापक वार्ता के बाद यह ऐतिहासिक फैसला लिया गया. दोनों देशों ने बुनियादी ढांचे (इन्फ्रास्ट्रक्चर) और शिपिंग जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए एक संयुक्त कार्य बल का गठन किया है. प्रधानमंत्री मोदी ने साझा प्रेस बयान में बताया कि पिछले एक दशक में साइप्रस से भारत में आने वाला निवेश लगभग दोगुना हो गया है.

वैश्विक सुरक्षा पर मंथन

भारत-यूरोपीय संघ (EU) मुक्त व्यापार समझौते से उभरने वाली नई संभावनाओं का लाभ उठाकर, दोनों देशों ने अगले पांच वर्षों में इस निवेश को फिर से दोगुना करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है. पीएम मोदी ने भारत-साइप्रस की इस दोस्ती को मजबूत और भविष्यवादी करार दिया. द्विपक्षीय आर्थिक मुद्दों के अलावा दोनों शीर्ष नेताओं ने वैश्विक सुरक्षा और राजनीतिक हालातों पर भी गहन चर्चा की. बैठक के दौरान पश्चिम एशिया संकट और यूक्रेन संघर्ष जैसे अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ.

संघर्ष को जल्द खत्म करने पर बल

इस पर पीएम मोदी ने भारत के रुख को दोहराते हुए कहा कि नई दिल्ली इन क्षेत्रों में शत्रुता और हिंसा को जल्द से जल्द समाप्त करने के सभी प्रयासों का पूरा समर्थन करती है. यह दौरा दोनों देशों के बीच गहरे आपसी विश्वास और आर्थिक प्रगति के संकल्प को एक नई दिशा देने वाला साबित हुआ है. मोदी ने कहा कि हमने वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा की. चाहे वह यूक्रेन हो या पश्चिम एशिया, हम संघर्ष को जल्द खत्म करने और शांति के प्रयासों का समर्थन करना जारी रखेंगे. उन्होंने कहा कि हम इस बात पर भी एकमत हैं कि बढ़ती वैश्विक चुनौतियों के समाधान के लिए वैश्विक संस्थानों में सुधार जरूरी और महत्वपूर्ण है.

साइप्रस के हर संकट में भारत ने दिया साथ

प्रधान मंत्री ने कहा कि दोनों देशों ने समुद्री सुरक्षा और आतंकवाद विरोधी क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने का भी फैसला किया. क्रिस्टोडौलाइड्स ने कहा कि भारत और साइप्रस ने बुनियादी ढांचे और शिपिंग जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग के लिए एक संयुक्त कार्य बल स्थापित करने का निर्णय लिया है. क्रिस्टोडौलाइड्स बुधवार से अपनी तीन दिवसीय भारत यात्रा पर हैं. इस मौके पर साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडोलाइड्स ने कहा कि भारत उनका पुराना और गहरा दोस्त है. साइप्रस के हर संकट में भारत ने साथ दिया है.

PM मोदी ने गिफ्ट की ‘मेलोनी’ को ‘मेलोडी टॉफी’, इटली की PM ने शेयर किया वीडियो; कही ये बात

Related Articles