Home Latest News & Updates Online Dress Fraud 299 की ड्रेस ने लगा दिया 1,00,000 का चूना

Online Dress Fraud 299 की ड्रेस ने लगा दिया 1,00,000 का चूना

by Live India
Online Dress Fraud

Online Dress Fraud: मुंबई में एक नर्स ने सोशल मीडिया के जरिए एक सस्ती ड्रेस ऑर्डर की, लेकिन धोखेबाजों ने उसे 1 लाख रुपए का चूना लगा दिया. पुलिस अब मामले की जांच कर रही है.

26 अप्रैल, 2026

ऑनलाइन फ्रॉड और धोखाधड़ी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं. डिजिटल चोर आपकी जेब खाली करने के लिए अलग-अलग तरीकों का इस्तेमाल करते हैं. कभी ये डिजिटल अरेस्ट के जरिए आपके डर को सहारा बनाते हैं, तो कभी ज्यादा पैसा कमाने का लालच देकर अकाउंट खाली कर देते हैं. इसी तरह का एक नया मामला मुंबई से सामने आया है. यहां एक नर्स ने सोशल मीडिया के जरिए एक सस्ती ड्रेस ऑर्डर की, लेकिन देखते ही देखते धोखेबाजों ने उसे 1 लाख रुपए का चूना लगा दिया.

फेसबुक ऐड देखकर की थी शॉपिंग

पुलिस ने शनिवार को जानकारी दी कि मुंबई के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में काम करने वाली एक नर्स से कथित तौर पर 1 लाख रुपये की ठगी हुई, जब उसने ऑनलाइन 299 रुपये की ड्रेस खरीदने की कोशिश की. देवनार पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया हॉस्टल में रहने वाली नर्स ने 16 अप्रैल से 20 अप्रैल के बीच 1 लाख रुपए गंवा दिए. अपनी शिकायत में, नर्स ने कहा कि उसे फेसबुक पर सिर्फ 299 रुपये में ड्रेस का एक ऐड दिखा. फिर उसने एक ड्रेस खरीदने की कोशिश की. ड्रेस बेचने वाले व्यक्ति (धोखेबाज) ने नर्स ने अलग अलग चार्ज मांगे.

पांच दिन में लूटे 1 लाख रुपए

अधिकारी ने कहा कि दूसरी तरफ वाले व्यक्ति ने शुरू में ड्रेस के लिए पेमेंट मांगा, लेकिन बाद में “शिपिंग चार्ज, GPS चार्ज, ट्रैकिंग फीस, वेरिफिकेशन कोड और एड्रेस कन्फ़र्मेशन जैसे अलग-अलग बहानों से पैसे ऐंठने लगा.” नर्स ने पुलिस को बताया कि उसने पांच दिनों में 1 लाख रुपये भेजे, और उसे बार-बार भरोसा दिलाया गया कि ज़्यादातर पैसे वापस कर दिए जाएंगे और ऑर्डर डिलीवर कर दिया जाएगा. जब कुछ नहीं हुआ, तो उसे एहसास हुआ कि उसके साथ स्कैम हुआ है. नर्स ने साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई.

जांच जारी

अधिकारी ने बताया कि देवनार पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच का हवाला देते हुए, अधिकारी ने कहा कि यह धोखाधड़ी एक फेसबुक विज्ञापन, एक व्हाट्सएप नंबर और एक नकली डिलीवरी एजेंट का इस्तेमाल करके की गई थी. इस तरह के और भी कई मामले सामने आ चुके हैं, जब धोखेबाज आपको कम समय में ज्यादा पैसे कमाने का लालच देकर आपसे कुछ पेमेंट करवाते हैं या आपके बैंक की जानकारी मांगते हैं और कुछ ही देर में अकाउंट खाली हो जाता है. आपको इस तरह के किसी भी लालच से बचकर रहने की जरूरत है.

यह भी पढ़ें- ‘प्लेसमेंट लग गई’, राघव चड्ढा के BJP में जाने के बाद सोशल मीडिया पर आई मीम्स की बाढ़, लोग बोले इंटर्नशिप खत्म

समाचार स्रोत: पीटीआई

Related Articles