10
पीएम मोदी ने पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन किया: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राजस्थान में पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन कर इसे राष्ट्र को समर्पित किया. मिली जानकारी के अनुसार, उन्होंने शनिवार को राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा में देश के पहले ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल परिसर का उद्घाटन किया. इसके साथ ही पीएम ने इसे भारत के ऊर्जा और पेट्रोकेमिकल क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया.
प्रधानमंत्री मोदी ने रिफाइनरी कैंपस का दौरा करने के बाद रिमोट का बटन दबाकर परियोजना का उद्घाटन किया. इस खास मौके पर अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, “भारत ने अपनी रिफाइनरी क्षमता को लगातार बढ़ाया है. अमेरिका में पिछले 50 वर्षों में एक भी नई रिफाइनरी नहीं बनी है, यूरोप की रिफाइनरी क्षमता लगातार कम होती गई है.”
उन्होंने आगे कहा, “वहीं भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी रिफाइनरी क्षमता वाला देश बन चुका है और हम यहां रुकने वाले नहीं हैं, आने वाले वर्षों में ये क्षमता और भी बढ़ने वाली है. इन्हीं प्रयासों के कारण भारत सदी के सबसे बड़े ऊर्जा संकट से लड़कर उबरा है.”
जिनके इरादे गलत थे वो सफल नहीं हो पाए- पीएम मोदी
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “हमारे देश में तेल के बड़े-बड़े कुएं नहीं हैं. जब ये संकट बढ़ा तो कच्चे तेल की कीमतें 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 120 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थीं. आयात के मार्ग भी बंद थे. दुनिया के कई देशों में डीजल-पेट्रोल की कीमतों में 40-50% की बढ़ोतरी हो गई.”
उन्होंने आगे कहा, “लेकिन भारत में एक दिन भी ऐसे हालात नहीं आए. अफवाहें बहुत फैलाई गईं, लोगों को डराया गया, भड़काया गया, राजनीति के खेल खेले गए लेकिन जिनके इरादे गलत थे वो सफल नहीं हो पाए.”
24 लाख मीट्रिक टन की क्षमता
न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यह रिफाइनरी शोधन और पेट्रोकेमिकल उत्पादन को एकीकृत करती है, जिसकी पेट्रोकेमिकल क्षमता 24 लाख मीट्रिक टन प्रति वर्ष (MMTPA) है. इसका नेल्सन कॉम्प्लेक्सिटी इंडेक्स 17.0 है और पेट्रोकेमिकल उत्पादन 26 प्रतिशत से अधिक है, जो दक्षता और स्थिरता के वैश्विक मानकों के अनुरूप है.
इस परियोजना से भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती मिलने, पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ाने और औद्योगिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है. साथ ही, यह क्षेत्र में पेट्रोकेमिकल और प्लास्टिक पार्क के विकास को आधार प्रदान करेगी, जिससे संबंधित उद्योगों और सहायक क्षेत्रों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के महत्वपूर्ण अवसर उत्पन्न होंगे.
जयपुर मेट्रो के दूसरे फेज की रखी आधारशिला
इसके अलावा पीएम मोदी ने राजस्थान में शहरी परिवहन, रेलवे, सड़कों, नवीकरणीय ऊर्जा से संबंधित कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और आधारशिला भी रखी.
इनमें से एक कार्यक्रम में मोदी ने जयपुर मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण की आधारशिला रखी, जिसमें 13,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश शामिल है.
इस परियोजना के तहत प्रहलादपुरा से तोड़ी मोड़ तक 41 किलोमीटर लंबा उत्तर-दक्षिण मेट्रो कॉरिडोर विकसित किया जाएगा, जो सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र और विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र (वीकेआई) को 36 स्टेशनों के माध्यम से जोड़ेगा.
यह कॉरिडोर सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र, वीकेआई, जयपुर एयरपोर्ट, टोंक रोड, एसएमएस अस्पताल, एसएमएस स्टेडियम, अंबाबारी और विद्याधर नगर सहित प्रमुख स्थानों को जोड़ेगा. जयपुर मेट्रो का पहला चरण, जिसमें 11 स्टेशनों वाला 11.64 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर शामिल है, पहले से ही चालू है.
समाचार स्रोत: पीटीआई
