Home News RSS on Pakistan:क्या बोले पूर्व आर्मी चीफ व फारूक अब्दुल्ला?

RSS on Pakistan:क्या बोले पूर्व आर्मी चीफ व फारूक अब्दुल्ला?

by Live India
RSS on Pakistan:क्या बोले पूर्व आर्मी चीफ व फारूक अब्दुल्ला?

RSS on Pakistan: पूर्व आर्मी चीफ जनरल मनोज मुकुंद नरवणे ने पाकिस्तान को लेकर आरएसएस महासचिव दत्तात्रेय होसबले के द्वारा दिए गए बयान का समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ इस तरह की बातचीत ‘महत्वपूर्ण’ है.

आरएसएस पाकिस्तान है: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ(RSS) के महासचिव दत्तात्रेय होसबले के द्वारा पाकिस्तान को लेकर आए एक बयान ने देश भर में चर्चा का विषय बना दिया है. उन्होंने पाकिस्तान को लेकर कहा है कि हमें बातचीत के दरवाजे बंद नहीं करने चाहिए. हमें हमेशा बातचीत के लिए तैयार रहना चाहिए. वहीं, आरएसएस महासचिव के इस बयान पर पूर्व आर्मी चीफ जनरल मनोज मुकुंद नरवणे और जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. इन दोनों ने होसबले का समर्थन किया है.

लोगों के बीच संपर्क महत्वपूर्ण है- पूर्व आर्मी चीफ

पूर्व आर्मी चीफ जनरल मनोज मुकुंद नरवणे ने पाकिस्तान को लेकर आरएसएस महासचिव दत्तात्रेय होसबले के द्वारा दिए गए बयान का समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ इस तरह की बातचीत ‘महत्वपूर्ण’ है. न्यूज एजेंसी पीटीआई से बुधवार को एक कार्यक्रम में बात करते हुए पूर्व आर्मी चीफ जनरल मनोज मुकुंद नरवणे ने कहा, “आम आदमी का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है. जब दो देशों के लोगों के बीच मित्रता होती है, तो दोनों राष्ट्रों के बीच भी मित्रता होती है.”

वे आरएसएस महासचिव दत्तात्रेय होसबले के पाकिस्तान पर दिए गए बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे. उन्होंने कहा कि यह सही बात है. लोगों के बीच संपर्क महत्वपूर्ण है. उन्होंने इस बात की पुष्टि की कि क्षेत्रीय स्थिरता सुनिश्चित करने में ऐसा संपर्क एक महत्वपूर्ण तत्व बना हुआ है.

समस्या का समाधान संवाद के माध्यम से ही संभव- फारूक अब्दुल्ला

पूर्व आर्मी चीफ के अलावा जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला ने भी आरएसएस महासचिव दत्तात्रेय होसबले के द्वारा पाकिस्तान को लेकर दिए गए बयान का समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि युद्ध कोई विकल्प नहीं है. पीटीआई के अनुसार, फारूक अब्दुल्ला ने कहा, “आरएसएस नेता का पाकिस्तान से बातचीत की बात कहना और पूर्व सेना प्रमुख द्वारा उनके बयान का समर्थन करना एक बहुत बड़ा कदम है. मुझे खुशी है कि अब कोई यह सोच रहा है कि युद्ध कोई विकल्प नहीं है. समस्या का समाधान संवाद के माध्यम से ही संभव है.”

RSS महासचिव ने क्या कहा था?

न्यूज एजेंसी पीटीआई के साथ एक इंटरव्यू में RSS के महासचिव दत्तात्रेय होसबले ने पाकिस्तान को लेकर कई बातें कहीं हैं. मिली जानकारी के अनुसार, जब दत्तात्रेय होसबले से पूछा गया कि भारत को पाकिस्तान से कैसे निपटना चाहिए, तो उन्होंने कहा, “अगर पाकिस्तान पुलवामा जैसी घटनाएं पैदा करने की कोशिश कर रहा है, तो हमें स्थिति के अनुसार उचित जवाब देना होगा, क्योंकि किसी देश और राष्ट्र की सुरक्षा और आत्मसम्मान की रक्षा करना जरूरी है और मौजूदा सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए और इसका ख्याल रखना चाहिए. “

उन्होंने आगे कहा, “लेकिन साथ ही, हमें दरवाजे बंद नहीं करने चाहिए. हमें हमेशा बातचीत के लिए तैयार रहना चाहिए. इसीलिए राजनयिक संबंध कायम हैं, व्यापार और वाणिज्य जारी है और वीजा दिए जा रहे हैं. इसलिए हमें इन्हें रोकना नहीं चाहिए, क्योंकि बातचीत के लिए हमेशा एक रास्ता खुला रहना चाहिए.” जब आरएसएस महासचिव से पूछा गया कि क्या खेल आयोजन जारी रहने चाहिए, तो होसबले ने कहा, “बिल्कुल, वे जारी रह सकते हैं.”

मारे गए थे 100 से अधिक आतंकी

पाकिस्तान के साथ भारत के रिश्ते अभी तनाव वाले हैं. हाल ही में पूरा देश पाकिस्तान और आतंकवाद के खिलाफ बीते साल भारतीय सशस्त्र बलों के द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर की सालगिरह मनाया था. भारत की ओर से यह ऑपरेशन 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम के बैसरन घाटी में आतंकियों के द्वारा किए गए हमले में एक नेपाली नागरिक सहित कुल 25 भारतीय पर्यटकों की मौत के बाद लॉन्च किया गया था. इस आतंकी घटना ने देश भर में पाकिस्तान और आतंक के खिलाफ लोगों में गुस्सा भर दिया था. भारत के द्वारा किए गए ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में 100 से अधिक आतंकी मारे गए थे.

समाचार स्रोत: पीटीआई

Related Articles