10
Stock Market Update: पिछले कुछ दिनों की तरह आज यानी शुक्रवार की सुबह भी शेयर मार्केट इन्वेस्टर्स के लिए काफी शानदार रही. आप भी जानें किन शेयर्स ने किया लोगों को मालामाल.
17 अप्रैल, 2026
आज सुबह जब शेयर बाजार की घंटी बजी, तो इन्वेस्टर्स के चेहरों पर एक प्यारी सी मुस्कान थी. दरअसल, आज दलाल स्ट्रीट पर कुछ अलग ही रौनक है. सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही हरे निशान में ट्रेड कर रहे हैं, जिससे ये क्लियर है कि वीकेंड से पहले बाजार का मूड काफी खुशनुमा है. सेंसेक्स करीब 160 पॉइन्ट ऊपर चढ़कर 78,150 के पार निकल गया है. वहीं, निफ्टी भी 24,200 के ऊपर मजबूती से डटा हुआ है.
कहीं दीवाली, कहीं मायूसी
शेयर बाजार में आज एफएमसीजी और ऑटो सेक्टर का जलवा देखने को मिल रहा है. अगर हम आज के सुपरस्टार्स की बात करें, तो हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL), मारुति सुजुकी, आईटीसी (ITC) और ट्रेंट जैसे शेयर्स ने कमाल किया. टाटा कंज्यूमर के शेयर्स में भी अच्छी खरीदारी दिखी. ऐसा लग रहा है कि लोग आज शॉपिंग और खाने-पीने की चीजों पर दांव लगाना ज्यादा पसंद कर रहे हैं. वहीं दूसरी तरफ, कुछ बड़ी कंपनियों को आज थोड़ा स्ट्रगल करना पड़ रहा है. विप्रो, एचडीएफसी लाइफ, हिंडाल्को और एचसीएल टेक जैसे शेयर्स में आज बिकवाली का प्रेशर दिखा. आईटी और मेटल सेक्टर को छोड़कर बाकी सभी इंडेक्स आज हरे निशान में चमक रहे हैं. मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी पीछे नहीं हैं.
यह भी पढ़ेंःट्रंप के बयान से शेयर बाजार में तूफान! Sensex 1,400 पॉइंट उछला, Nifty ने भी पकड़ी रफ्तार
विप्रो का मुश्किल दिन
आईटी कंपनी विप्रो के लिए आज खबर कुछ खास अच्छी नहीं रही. मॉर्गन स्टेनली ने विप्रो की रेटिंग को घटाकर अंडरवेट कर दिया है और इसका टारगेट प्राइस भी कम करके 194 रुपये कर दिया है. बताया जा रहा है कि कंपनी का प्रोफिट उम्मीद से कम रहा है, जिसका असर इसके शेयर प्राइस पर दिख रहा है. विप्रो का शेयर करीब 3 फीसदी गिरकर 204 रुपये के आसपास ट्रेड कर रहा है. इसके अलावा आईटीसी के इन्वेस्टर्स के लिए खुशखबरी है कि इसका शेयर लगातार तीसरे दिन तेजी दिखा रहा है. ये 1.60 फीसदी की बढ़त के साथ 308 रुपये के पार पहुंच गया है. वहीं डिक्सन टेक्नोलॉजीज के लिए भी ब्रोकरेज हाउस बुलिश नजर आ रहे हैं.
बाजार में रौनक
वैसे, सिर्फ कंपनियों के नतीजे ही नहीं, बल्कि इंटरनेशनल खबरों ने भी शेयर मार्केट को बूस्ट दिया है. इजरायल और लेबनान के बीच 10 दिनों के सीजफायर की खबर से पूरी दुनिया ने राहत की सांस ली है. साथ ही, अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत की संभावनाओं ने सोने की कीमतों पर भी असर डाला है. तनाव कम होने से फॉरेन इन्वेस्टर्स का भरोसा भी भारतीय बाजार में लौटता दिख रहा है. यही वजह है कि 16 अप्रैल को फॉरेन इन्वेस्टर्स ने करीब 382 करोड़ रुपये की खरीदारी की थी.
रुपये और सोने का हाल
शेयर मार्केट के साथ-साथ आज भारतीय रुपया भी मजबूत हुआ है. अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 25 पैसे की मजबूती के साथ 92.94 पर खुला. वहीं, सोना भी इस हफ्ते लगातार ऊपर की तरफ ही बढ़ रहा है. सोने की कीमतें स्टेबल हैं, जिससे इन्वेस्टर्स को महंगाई और इंटरेस्ट रेट्स के बढ़ने का डर कम सता रहा है.
यह भी पढ़ेंः Stock Market की तूफानी तेजी पर फिरा पानी? जानें वो 3 कारण जिसने बदला बाजार का सारा खेल
