Home News इसरो को मिली बम से उड़ाने की धमकी

इसरो को मिली बम से उड़ाने की धमकी

by Live India
इसरो को मिली बम से उड़ाने की धमकी

इसरो बम का खतरा: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) को एक बार फिर से बम से उड़ाने की धमकी मिली है. जानकारी के अनुसार, यह धमकी आज सोमवार को मिली है. ईमेल के जरिए भेजे गए इस धमकी भरे मैसेज में बेंगलुरु में स्थित इसरो हेडक्वार्टर को बम से उड़ाने की बात कही गई है.

बता दें कि बीते दिनों शुक्रवार को भी इसरो को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. इस बीच आज एक बार फिर से इसरो हेडक्वार्टर को उड़ाने की धमकी मिली है, जिसके बाद एहतियात के तौर पर जांच के लिए पूरी इमारत को खाली कराया गया. आइए जानते हैं पूरी खबर.

कर्मचारियों को बाहर निकालकर हुई तलाशी

न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया कि इसी तरह की एक फर्जी धमकी के कुछ ही दिनों बाद सोमवार को यहां इसरो मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी वाला एक ईमेल भेजा गया है. इसके बाद अधिकारियों ने एक तलाशी अभियान शुरू किया. हालांकि, तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिससे यह पुष्टि हो गई कि मैसेज (बम की धमकी) फर्जी था.

पुलिस ने बताया कि धमकी मिलने के बाद पुलिसकर्मी, डॉग स्क्वाड और बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड (बीडीडीएस) के साथ न्यू बीईएल रोड स्थित परिसर में तुरंत पहुंचे. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि एहतियात के तौर पर सभी कर्मचारियों को बाहर निकाल लिया गया, जबकि इमारत की पूरी तरह से तलाशी ली गई.

पुलिस के अनुसार, धमकी भरे संदेश एक ईमेल आईडी से इसरो के आधिकारिक ईमेल पतों पर भेजे गए थे, जिसमें दावा किया गया था कि मुख्यालय में बम विस्फोट किया जाएगा. पुलिस ने बताया कि संजय नगर पुलिस ईमेल के स्रोत की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इसका 2 जुलाई को भेजे गए पिछले फर्जी ईमेल से कोई संबंध है.

यूपी से एक आरोपी हुआ था गिरफ्तार

मालूम हो कि पिछले सप्ताह 2 जुलाई को इसरो को उड़ाने की धमकी मिली थी. यह धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई थी. इस मामले में उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था. जांच में पता चला कि वह मानसिक रूप से बीमार था. यह बम की धमकी फर्जी निकली थी.

इसरो के बारे में

इसको की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) भारत की अंतरिक्ष एजेंसी है. यह संगठन भारत और मानव जाति के लिए अंतरिक्ष के लाभों को प्राप्त करने हेतु विज्ञान, अभियांत्रिकी और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में कार्यरत है. इसरो भारत सरकार के अंतरिक्ष विभाग (डीओएस) का एक प्रमुख अंग है. डीओएस मुख्य रूप से इसरो के विभिन्न केंद्रों या इकाइयों के माध्यम से भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम का संचालन करता है.

Bomb Threat: राजधानी में कई स्कूलों को फिर से मिली बम की धमकी, जांच में पुलिस; मचा हड़कंप

समाचार स्रोत: पीटीआई

Related Articles