13
कुवैत हवाई क्षेत्र: पश्चिम एशिया में जारी तनाव बढ़ते जा रहा है. ईरान और अमेरिका के बीच बुधवार से एक और नई जंग शुरू हो गई है. यह जंग पहले होर्मुज क्षेत्र में अमेरिकी सेना के हेलीकॉप्टर पर ईरानी हमले से शुरू हुई थी, अब इसमें एक और बात सामने आई है. अमेरिकी प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि रुकी हुई बातचीत के लिए तेहरान को “कीमत चुकानी पड़ेगी”. इसके बाद अमेरिका ने ईरान के कई ठिकानों पर गुरुवार तड़के हमला कर दिया.
वहीं, ईरान जवाबी कार्रवाई के रूप में कुवैत, बहरीन और कई देशों में बने अमेरिकी सैन्य अड्डों पर हमला करता हुआ दिखा है. ये हमले बीते दिनों में भी हुए थे. इस हमले को देखते हुए कुवैत ने अपने एयरस्पेस को बंद कर दिया है. बता दें कि बीते दिनों ईरान ने कुवैत पर हमला किया था. इसमें उसके एयरपोर्ट को निशाना बनाया गया था और भारी नुकसान हुआ था. अब कुवैत ने ईरानी हमले को देखते हुए अपने एयरस्पेस को बंद कर दिया है.
कुवैत के नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने क्या कहा?
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को कुवैत ने कहा कि उसने ईरान के लगातार हमलों के मद्देनजर अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है. इसकी जानकारी कुवैत के नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने दी. कुवैत के नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के द्वारा बताया गया कि उड़ानों को अन्य हवाई अड्डों की ओर मोड़ा जा रहा है. हालांकि, उन्होंने इसके बारे में विस्तार से जानकारी शेयर नहीं की.
इस दौरान दिखा कि सैन्य बलों द्वारा एयर डिफेंस सिस्टम के सक्रिय होने की घोषणा के बाद, विमान कुछ समय तक कुवैत के बाहर चक्कर लगाते रहे. कुवैत ने कहा, “यह कदम ईरान द्वारा किए जा रहे निंदनीय आक्रमणों और क्षेत्र में नागरिक विमानन यातायात पर इसके परिणामस्वरूप उत्पन्न होने वाले संभावित जोखिमों को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है.”
बता दें कि हाल ही में ईरान ने कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीधा हमला किया था. इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और दर्जनों लोग घायल हो गए थे.
कुवैत एयरस्पेस बंद से पड़ोस में ट्रैफिक
कुवैत ने अपना एयरस्पेस को बंद कर दिया है. इसकी वजह से इसके आसमान पर कोई भी विमान नहीं दिखा. flightradar24 की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, अभी कुवैत और ईरान के बीच आसमान का इलाका पूरा खाली दिख रहा है. किसी भी यात्री विमान या फ्लाइट की आने-जाने की जानकारी नहीं मिल रही है. अब देखने वाली बात यह है कि ईरान और अमेरिका के बीच जारी यह जंग कब थमती है और कुवैत अपना एयरस्पेस कब खोलता है.
हालांकि, इस बीच कुवैत एयरस्पेस बंद से पड़ोस में ट्रैफिक दिख रहा है. जी हां, कुवैत एयरस्पेस बंद होने से बहरीन, यूएई, सऊदी अरब और कतर समेत अन्य देशों के एयरस्पेस में जहाजों का आना-जाना बढ़ गया है. आप यह कह सकते हैं कि इन देशों के आसमान में एयर ट्रैफिक काफी अधिक बढ़ा हुआ दिख रहा है.
‘कीमत चुकानी पड़ेगी…’, ट्रंप की चेतावनी के बाद ईरान पर अमेरिका का लगातार दूसरे दिन भी हमला
समाचार स्रोत: पीटीआई
