9
Trump China Visit: ट्रंप ने कहा, “मुझे नहीं लगता कि हमें ईरान के मामले में किसी मदद की आवश्यकता है और हम किसी न किसी तरह से जीत हासिल करेंगे. हम जीतेंगे.
13 मई 2026
ट्रम्प की चीन यात्रा: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चीन की अपनी आधिकारिक यात्रा के लिए रवाना हो गए हैं. वे इस यात्रा के द्वारा चीन के प्रेसिडेंट शी जिनपिंग के साथ मुलाकात करेंगे. ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के बीच ट्रंप और शी की बीजिंग में होने वाली इस मीटिंग पर दुनिया की नजरें हैं. The White House ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर चीन के लिए रवाना होते हुए ट्रंप की तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा है – “एक बार फिर विश्व मंच पर. राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप चीन के दौरे पर रवाना हो गए हैं; 2017 की अपनी यात्रा के बाद यह किसी अमेरिकी राष्ट्रपति का पहला राजकीय दौरा है.”
चीन के लिए रवाना होने के दौरान व्हाइट हाउस में पत्रकारों से प्रेसिडेंट ट्रंप ने कहा, “हम प्रेसिडेंट शी जिनपिंग से कई अलग-अलग मुद्दों पर बात करने वाले हैं. मेरा मानना है कि सबसे अहम मुद्दा व्यापार होगा.” उन्होंने आगे कहा, “वह (शी जिनपिंग)मेरे दोस्त रहे हैं. उनके साथ हमारी अच्छी बनती है… यह यात्रा बहुत रोमांचक होने वाली है. बहुत सी अच्छी बातें होंगी.” हालांकि, ईरान को लेकर ट्रंप ने बड़ा बयान दिया है.
ईरान पर हमारा पूरा कंट्रोल है – ट्रंप
चीन रवाना होने से पहले ट्रंप ने ईरान को लेकर एक बड़ी बात कही है. उन्होंने वाशिंगटन में कहा कि ईरान पर हमारा काफी हद तक नियंत्रण है. ट्रंप ने कहा, “हमारे पास चर्चा करने के बहुत सारे मुद्दे हैं. सच कहूं तो मैं यह नहीं कहूंगा कि ईरान उनमें से एक है, क्योंकि ईरान पर हमारा काफी हद तक नियंत्रण है.”
ट्रंप ने कहा, “मुझे नहीं लगता कि हमें ईरान के मामले में किसी मदद की आवश्यकता है और हम किसी न किसी तरह से जीत हासिल करेंगे. हम जीतेंगे. चाहे शांतिपूर्वक हो या किसी और तरीके से. उनकी नेवी खत्म हो चुकी है. उनकी वायु सेना खत्म हो चुकी है. उनकी युद्ध मशीन का हर एक हिस्सा खत्म हो चुका है.” उन्होंने एक बार फिर से कहा, “ईरान पर हमारा पूरा कंट्रोल है. या तो हम डील करेंगे या फिर उनका सफाया कर दिया जाएगा. इसलिए किसी भी तरह जीत हमारी ही होगी.”
ट्रंप की 13 से 15 मई तक चीन दौरा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आज यानी 13 मई को चीन के दौरे पर रवाना हो गए हैं. उनकी यह यात्रा 13 से 15 मई तक के लिए है. इस दौरान ट्रंप, चीन के प्रेसिडेंट शी जिनपिंग से मुलाकात करेंगे. मंगलवार को ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से 13 से 15 मई तक बीजिंग की अपनी यात्रा के संभावित परिणामों के बारे में पूछे जाने पर कहा, “राष्ट्रपति शी के साथ मेरे बहुत अच्छे संबंध हैं. हम बहुत व्यापार कर रहे हैं, लेकिन यह समझदारी भरा व्यापार है.”
ट्रंप के साथ एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रंप के इस अमेरिकी दौरे पर उनके एयर फोर्स वन विमान में विदेश मंत्री मार्को रुबियो, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ, अमेरिकी ट्रेड प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर, एरिक ट्रंप और लौरा ट्रंप समेत अन्य लोग मौजूद रहे. इनके अलावा बीजिंग में उनके साथ दिग्गज कंपनियों के सीईओ भी मौजूद रहने वाले हैं. इनमें एलन मस्क (टेस्ला), टिम कुक (एप्पल), लैरी फिंक (ब्लैकरॉक) और केली ऑर्टबर्ग (बोइंग)के शामिल होने की संभावना है.
यह भी पढ़ें: क्या ईरान का सताने लगा था डर! UAE की रक्षा करने के लिए इजरायल ने भेजे आयरन डोम और कर्मचारी
