14
रुपया समाचार आज: पश्चिम एशिया में जारी तनाव के दौरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बाधित है. इसकी वजह से दुनिया में कच्चे तेल और गैस के दामों में बढ़त देखी जाती रही है. इस वजह से दुनिया समेत भारत में भी तेल और गैस के दाम बढ़े हैं. बाजार में डॉलर की मांग बढ़ी है और भारतीय शेयर मार्केट में विदेशी निवेशकों की बिकवाली देखी गई है. इन सभी उतार-चढ़ावों के बीच भारतीय करेंसी रुपये में भी उठा-पटक जारी है.
जी हां, बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में 40 पैसे की गिरावट दर्ज की गई. वहीं, आज गुरुवार को मार्केट खुलते ही इसमें 7 पैसे की बढ़ोतरी हुई है. मतलब कि रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 7 पैसे मजबूत हुआ है.
पिछले बंद भाव से 7 पैसे की वृद्धि
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, आज गुरुवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले सीमित दायरे में कारोबार करता रहा. जानकारी के अनुसार, शेयरों की बढ़ती बिकवाली और अमेरिका-ईरान सीजफायर की खत्म होती संभावनाओं ने घरेलू मुद्रा पर दबाव फिर से बढ़ा दिया है.
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में, गुरुवार को रुपया 95.70 पर खुला. फिर शुरुआती कारोबार में 95.69 तक पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव से 7 पैसे की वृद्धि दर्शाता है. बुधवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 40 पैसे गिरकर 95.76 पर बंद हुआ था.
भारत के लिए एक बड़ा जोखिम
मार्केट के जानकार और विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि पश्चिम एशिया में लंबे समय तक चलने वाला संकट भारत के लिए एक बड़ा जोखिम है. यह ऊर्जा आयात पर काफी हद तक निर्भर है.
वहीं, सीआर फॉरेक्स एडवाइजर्स के एमडी अमित पबारी ने कहा, “भारत के लिए, कच्चे तेल की हर बढ़ोतरी एक अतिरिक्त बोझ लेकर आती है. घरेलू खर्चों में अप्रत्याशित वृद्धि की तरह, तेल की ऊंची कीमतों का मतलब है कि आयात की जरूरतों को पूरा करने के लिए अधिक डॉलर की आवश्यकता होगी, जिससे अकसर रुपये पर दबाव पड़ता है.”
26.4 अरब अमेरिकी डॉलर की निकासी
आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष भारतीय शेयर बाजार से विदेशी निवेशकों ने करीब 26.4 अरब अमेरिकी डॉलर की निकासी की है. यह पिछले वर्ष के रिकॉर्ड निकासी को पार कर चुकी है. जानकार बताते हैं कि विदेशी निवेशकों के द्वारा घरेलू शेयर बाजार से लगातार निकासी भी भावना को प्रभावित करने वाला एक अन्य कारण है.
Share Market: लाल निशान में बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट; टाइटन, इटरनल समेत इनमें तेजी
समाचार स्रोत: पीटीआई
