4
Ahmedabad Violence : अहमदाबाद के धंधुका इलाके में मोटरसाइकिल के ओवरटेकिंग को लेकर विवाद हो गया. यह विवाद इतना बढ़ गया कि हिंसा का रूप ले लिया और इस दौरान एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई.
19 अप्रैल 2026
अहमदाबाद हिंसा: गुजरात के अहमदाबाद में दो वाहनों में ओवरटेकिंग करने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि बवाल हो गया. एक युवक की चाकू मारकर हत्या तक कर दी गई. अब इलाके में माहौल काफी तनाव पूर्ण है. साथ ही मामला उस वक्त उग्र हो गया जब दो समुदाय आमने-सामने आ गए. इसके अलावा मारपीट, पथराव और वाहनों के आगजनी के भी फुटेज सामने आए हैं. वहीं, हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को भारी संख्या में फोर्स को तैनात करना पड़ा. घटना अहमदाबाद जिले के धंधुका में हुई है. यह घटना शनिवार को बाइक ओवरटेंकिंग को लेकर दो लोगों के बीच बहस हो गई और दोनों अलग-अलग समुदाय से थे. इसके कारण देखते ही देखते बहस हाथापाई में बदल गई. यह मामला इतना बढ़ गया कि एक युवक की चाकू मारकर हत्या तक कर दी गई.
खून बहने से हुई युवक की मौत
बताया जा रहा है कि जिस युवक पर चाकू से हमला किया गया है उसकी जांघ की बड़ी नस फट गई और ज्यादा खून बहने की वजह से उसकी मौत हो गई. युवक की मौत की खबर जब इलाके में फैली तो तनाव चरम पर पहुंच गया. भारी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और इसके बाद घटना ने हिंसा का रूप ले लिया. वहीं, भीड़ ने तोड़फोड़ कर दी और कई दुकानों को आग के हवाले कर दिया. वहीं, हिंसा के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है.
इलाके की जगह-जगह पर मुश्तैद जवान
युवक की मौत के बाद दो समुदाय आमने-सामने आ गए. इसके बाद धंधुका में तोड़फोड़ और आगजनी हो गई. हिंसा पर काबू पाने के लिए भारी संख्या में पुलिस पहुंचीं और उन्होंने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर कर दिया. बताया जा रहा है कि फिलहाल पुलिस ने शांति स्थापित कर दी है. लेकिन तनाव को ध्यान में रखते हुए जवान अभी तैनात हैं.
पुलिस ने किया आरोपी को गिरफ्तार
वहीं, मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक खुद मौके पर पहुंचे. साथ ही उन्होंने 200 से ज्यादा पुलिस वालों को तैनात करने के ऑर्डर दिए हैं और इलाके में तनाव ज्यादा न फैले इसके लिए फोर्स को भी लगा दिया गया है. साथ ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक की हत्या के आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया.
समाचार स्रोत: पीटीआई
