Home Bihar हाजीपुर में दुल्हन देखने के लिए भीड़ हुई बेकाबू

हाजीपुर में दुल्हन देखने के लिए भीड़ हुई बेकाबू

by Live India
हाजीपुर में दुल्हन को देखने के लिए भीड़ हुई बेकाबू, जयमाल के बाद बवाल, जमकर चले लाठी-डंडे, कई जख्मी

17

Bihar News: बिहार के हाजीपुर में एक शादी समारोह उस वक्त हिंसक झड़प में बदल गया, जब जयमाल के बाद कुछ बाराती दुल्हन का चेहरा देखने के लिए उसके कमरे में जबरन घुस गए.

19 अप्रैल 2026

बिहार समाचार: बिहार के हाजीपुर में एक शादी समारोह उस वक्त हिंसक झड़प में बदल गया, जब जयमाल के बाद कुछ बाराती दुल्हन का चेहरा देखने के लिए उसके कमरे में जबरन घुस गए. विरोध करने पर मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई. घटना कुतुबपुर गांव (बिदुपुर थाना क्षेत्र) की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार जन्दाहा से आई बारात में जयमाल की रस्म शांतिपूर्वक संपन्न हुई थी. इसके बाद कुछ युवक दुल्हन को देखने की जिद में उसके कमरे तक पहुंच गए और जबरन अंदर घुस गए.

कई वाहनों के तोड़े शीशे

लड़की पक्ष के लोगों ने इसका विरोध करते हुए युवकों को बाहर निकाला, लेकिन इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, झड़प के दौरान डंडे, लाठी और कुर्सियों का इस्तेमाल किया गया. मारपीट होता देख वहां अफरा-तफरी मच गई. शादी में आए लोग इधर-उधर भागने लगे. मारपीट में दर्जनों लोग घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया. वहीं, हंगामे के दौरान बोलेरो, अर्टिगा और स्कॉर्पियो समेत कई वाहनों के शीशे भी तोड़ दिए गए.

बगैर दुल्हन लौटी बारात

घटना की सूचना मिलते ही बिदुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया. पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर समझौता कराने की कोशिश की, लेकिन मामला सुलझ नहीं सका. बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान दूल्हे ने गुस्से में दुल्हन को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी, जिससे नाराज होकर दुल्हन ने शादी से साफ इनकार कर दिया. इस घटना के बाद दूल्हा बिना दुल्हन के ही बारात लेकर वापस लौट गया. शादी टूटने की इस घटना की इलाके में व्यापक चर्चा है.

ऐहतियातन पुलिस बल तैनात

पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दोषियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है. बिदुपुर थाना पुलिस ने कहा कि यदि दोनों पक्ष समझौता नहीं करते हैं तो इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने कहा कि हंगामा करने वालों की पहचान की जा रही है. इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस ने चेतावनी दी है कि कानून व्यवस्था हाथ में लेने वालों के साथ सख्ती की जाएगी.

Related Articles