7
AAP Punjab: पंजाब की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच राजनीतिक घमासान तेज हो गया है.
AAP Punjab: पंजाब की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच राजनीतिक घमासान तेज हो गया है. शुक्रवार को AAP के मुख्य प्रवक्ता बलतेज पन्नू ने भाजपा पर राघव चड्ढा को ‘टूल’ के रूप में इस्तेमाल कर पार्टी में फूट डालने का सनसनीखेज आरोप लगाया. पन्नू ने दावा किया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राघव चड्ढा के माध्यम से AAP सांसदों को तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं ताकि संसद में अरविंद केजरीवाल की ताकत को कमजोर किया जा सके. AAP का आरोप है कि शाह ने चड्ढा को सात सांसद तोड़ने के बदले केंद्र में मंत्री पद का प्रलोभन दिया है. साथ ही, पार्टी ने आरोप लगाया कि ईडी (ED) जैसी केंद्रीय एजेंसियों के जरिए सांसदों पर दबाव बनाया जा रहा है.
बीजेपी ने आरोपों को किया खारिज
हाल ही में राज्यसभा में उपनेता पद से चड्ढा की छुट्टी कर अशोक मित्तल को जिम्मेदारी दी गई थी. AAP ने चड्ढा पर प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ बोलने से कतराने और केवल ‘सॉफ्ट पीआर’ में व्यस्त रहने का भी आरोप लगाया. दूसरी ओर, भाजपा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे पूरी तरह निराधार और हताशा का परिणाम बताया है. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी चड्ढा की आलोचना की. कहा कि चड्ढा ने समझौता कर लिया है. मान ने आरोप लगाया कि जहां भी चुनाव नजदीक आते हैं, भाजपा सरकार राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए ईडी, सीबीआई जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल करती है.
पार्टी ने चड्ढा को बहुत कुछ दियाः पन्नू
उन्होंने दावा किया कि हमने देखा कि कैसे भाजपा सरकार ने हमारे शीर्ष नेताओं के खिलाफ भी मामले दर्ज करवाए और कई लोगों को जेल भेजा गया. लेकिन इन मामलों से कुछ भी नहीं निकला. अब फिर से हमारे सांसदों पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि इसीलिए हमने हाल ही में कुछ ईडी छापे देखे हैं. पन्नू ने कहा कि आप ने राघव चड्ढा को बहुत कुछ दिया और उन्हें कम उम्र में ही राज्यसभा भेज दिया गया, लेकिन भाजपा और शाह के इशारे पर चड्ढा पार्टी की पीठ में छुरा घोंप रहे हैं, लेकिन ये पंजाब है. पन्नू ने कहा कि लोग माफ नहीं करते और चड्ढा को यह बात समझनी चाहिए.
दलबदलुओं को माफ नहीं करेंगे पंजाब के लोग
पन्नू ने कहा कि एक तरफ बीजेपी कहती है कि वे 2027 का पंजाब चुनाव लड़ने जा रहे हैं, लेकिन जिस तरह से बीजेपी पंजाब सरकार, आप पार्टी और पंजाबियों पर हमले कर रही है, लोग उन्हें खारिज कर देंगे. पन्नू ने कहा कि पहले पंजाब में कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता झूठा दावा करते थे कि 35 आप विधायक उनके संपर्क में हैं. उन्होंने कहा कि ये ऐसी पार्टियां हैं जिनके पास किए गए कामों का कोई जवाब नहीं है. शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य क्षेत्रों में भी आप आगे है. कहा कि इन पार्टियों को अपना चुनावी घोषणापत्र तक बदलना पड़ा है. अन्यथा, पहले कौन सी पार्टी स्वास्थ्य और शिक्षा के बारे में बात करती थी? आप नेता संजय सिंह ने कहा कि पंजाब के लोग दलबदलुओं को माफ नहीं करेंगे.
समाचार स्रोत: पीटीआई
