Home News तेहरान में पाकिस्तानी दूतावास के पास जोरदार हमला

तेहरान में पाकिस्तानी दूतावास के पास जोरदार हमला

by Live India
तेहरान में पाकिस्तानी दूतावास के पास जोरदार हमला

Iran War : ईरान और अमेरिका-इजरायल युद्ध के बीच तेहरान में स्थित पाकिस्तान दूतावास के पास हमला किया गया है. हमला इतना भयानक था कि पाकिस्तानी दूतावास का स्टाफ अभी भी दहशत में है.

ईरान युद्ध: ईरान की राजधानी तेहरान में गुरुवार को पाकिस्तानी दूतावास के पास एक विस्फोटक धमाके की खबर सामने आई. अमेरिका और इजरायल की तरफ से किए जा रहे हमलों की कड़ी में यह हमला किया गया है. तेहरान बीते 28 दिनों से मिसाइल और ड्रोन के हमलों का सामना कर रहा है और यह हमला उसी कड़ी में सामने आया है. फिलहाल, दूतावास के सभी कर्मचारी और स्टाफ सुरक्षित है. हालांकि विस्फोटक काफी खतरनाक था लेकिन दूतावास को कोई नुकसान पहुंचा है.

पासदरान इलाके में हुआ विस्फोटक

विस्फोटक तेहरान के पासदरान जिले में हुआ जहां पर पाकिस्तान का दूतावास और राजदूत का आवास है. बताया जा रहा है कि दूतावास के आसपास ईरान के सैन्य ठिकाने हैं जिनको निशाना बनाने की कोशिश की गई थी. सैन्य ठिकाना होने की वजह से यह इलाका काफी संवेदनशील माना जाता है. एक वरिष्ठ राजनयिक ने एक टीवी चैनल को बताया कि धमाके इतने तेज थे कि पूरा इलाका दहल गया और यही वजह है कि दूतावास का स्टाफ अभी भी दहशत में है. उन्होंने आगे कहा कि दूतावास को किसी भी प्रकार से नुकसान नहीं पहुंचा है लेकिन हमारे कर्मचारी इस घटना से काफी डरे हुए हैं.

ट्रंप के दावे के विरुद्ध हुआ हमला

अमेरिका और इजरायल की तरफ से किए गए हमले ऐसे वक्त में हुए हैं जब डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया की ईरानी नेताओं से बातचीत चल रही है. ट्रंप ने यह भी कहा था कि आने वाले 10 दिनों तक ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर कोई हमला नहीं होगा. 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के हमलों से शुरू हुआ यह युद्ध अब पूरे पश्चिम एशिया को बुरी तरह प्रभावित कर रहा है. साथ ही अब इसका असर वैश्विक अर्थव्यवस्था और प्राकृतिक संसाधनों पर भी देखने को मिल रहा है.

ईरान में अभी तक 1937 लोगों की मौत

ईरान के उप स्वास्थ्य मंत्री अली जाफ़रियन ने बताया कि अमेरिका और इजरायल के हमलों में अभी तक 1937 लोगों की मौत हो चुकी है. इनमें 240 महिलाएं और 212 बच्चे शामिल हैं. वहीं, ईरानी हमले में इजरायल के इंफ्रास्ट्रक्चर को भी भारी नुकसान हो चुका है.

पाकिस्तान कर रहा मध्यस्थता

ईरान युद्ध शुरू हुए 28 दिन हो गए हैं और इस मामले में अभी कोई शांति वार्ता नहीं हुई है. लेकिन बताया जा रहा है कि पाकिस्तान, तुर्की और मिस्र के साथ मिलकर अमेरिका और ईरान के बीच कूटनीतिक स्तर पर बातचीत करवा रहा है. पाकिस्तान ने दोनों तरफ से कहा है कि इस मुद्दे को बातचीत के माध्यम से सुलझाया जाए. इसके अलावा ईरान युद्ध जारी होने के बीच कई स्तरों पर चर्चा जारी है. पाकिस्तान के राजदूत मुदस्सिर टिप्पू और उनका पूरा स्टाफ तेहरान में सक्रिय है और स्थिति पर बारीकी से नजर बनाए हुए है.

यह भी पढ़ें- JK विधानसभा पहुंचा अमेरिका-ईरान युद्ध, NC-BJP विधायकों में हिंसक झड़प, देखें VIDEO

समाचार स्रोत: पीटीआई

Related Articles