9
Bihar Politics: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा सौंप दिया.
बिहार की राजनीति: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा सौंप दिया. इसके पहले उन्होंने अपनी आखिरी कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता की. अब बिहार में नई राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकार बनेगी. उधर, सम्राट चौधरी बीजेपी विधायक दल के नेता चुने गए. नीतीश के उत्तराधिकारी सम्राट बुधवार को शपथ लेंगे. 75 वर्षीय नीतीश ने 30 मार्च को एमएलसी (विधान परिषद के सदस्य) के रूप में इस्तीफा दे दिया था और 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली. नीतीश ने पहले ही अपना अधिकांश निजी सामान मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास 1, अणे मार्ग से 7, सर्कुलर रोड बंगले में स्थानांतरित कर दिया है.
शिवराज की देखरेख में चुने गए बीजेपी विधायक दल का नेता
महत्वपूर्ण राजनीतिक बदलाव के बीच केंद्रीय कृषि और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान भारतीय जनता पार्टी (BJP) संसदीय बोर्ड के केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में सोमवार को पटना पहुंचें. शिवराज सिंह की देखरेख में मंगलवार को डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया. माना जा रहा है कि चौधरी बिहार के अगले मुख्यमंत्री होंगे. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तैनात किए गए 50 से अधिक बिहार भाजपा विधायकों को विधायक दल की बैठक में भाग लेने के लिए मंगलवार सुबह तक पटना पहुंचने के लिए कहा गया था.
शपथ ग्रहण में मोदी सहित कई दिग्गज लेंगे भाग
बिहार के संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया कि संविधान में परिभाषित प्रावधानों के अनुसार सब कुछ होगा. शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, भाजपा शासित राज्यों के कुछ मुख्यमंत्रियों के साथ-साथ कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है. इस अवसर पर नीतीश के बेटे निशांत कुमार (उपमुख्यमंत्री बनने की संभावना) और कुछ मंत्री भी शपथ लेंगे. इस बीच, एनडीए के सभी घटक दल बीजेपी, जेडी (यू), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा नई सरकार में अपनी भागीदारी की सीमा के बारे में गहन बातचीत कर रहे हैं.
पूरे राज्य में विकास : नीतीश
इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार ने कहा कि आप जानते हैं कि 24 नवंबर, 2005 को राज्य में पहली बार एनडीए सरकार बनी थी. तब से राज्य में कानून का राज है और हम लगातार विकास के काम में लगे हुए हैं. सरकार ने शुरू से ही सभी तबकों का विकास किया है चाहे हिंदू हो, मुस्लिम हो, अपर कास्ट हो, पिछड़ा हो, अति पिछड़ा हो, दलित हो, महादलित हो- सभी के लिए काम किया गया है. हर क्षेत्र में काम हुआ है चाहे शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो, सड़क हो, बिजली हो, कृषि हो. महिलाओं एवं युवाओं के लिए भी बहुत काम किया गया है. अगले पांच वर्षों यानी 2025 से 2030 के लिए 7 निश्चय-3 का गठन किया गया है. इससे और ज्यादा काम होगा जिससे बिहार काफी आगे बढ़ेगा.
पूर्व सीएम ने कहा- नई सरकार को पूरा सहयोग
नीतीश ने कहा कि बिहार के विकास में केन्द्र का भी पूरा सहयोग मिल रहा है. इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी का नमन करते हैं. बिहार और तेजी से विकसित होगा और देश के टॉप राज्यों में शामिल हो जाएगा. देश की प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा. नीतीश ने कहा कि हमने बिहार के लोगों के लिए बहुत काम किया है. इतने दिनों से हमने लगातार लोगों की सेवा की है. हमने तय किया था कि अब मुख्यमंत्री का पद छोड़ देंगे और इसलिए आज मंत्रिमंडल की बैठक के बाद राज्यपाल से मिलकर उन्हें इस्तीफा सौंप दिया. अब नई सरकार यहां का काम देखेगी. नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा. आगे भी बहुत अच्छा काम होगा तथा बिहार बहुत आगे बढ़ेगा.
ये भी पढ़ेंः पद बदला, तो बदल लिया नीतीश कुमार ने ठिकाना! अणे मार्ग छोड़कर इस बंगले में होंगे शिफ्ट
समाचार स्रोत: पीटीआई
