9
IPO News: इस हफ्ते कुल तीन कंपनियों के आईपीओ आ रहे हैं. इनमें एक मेनबोर्ड और दो एसएमई शामिल हैं. इनके जरिए कंपनियां 3400 करोड़ से अधिक रुपये जुटाएंगी.
आईपीओ समाचार: 4 मई से शुरू होने वाला सप्ताह निवेश के नजरिये से खास होने वाला है. अभी तक की जानकारी के अनुसार, इस हफ्ते में कुल तीन कंपनियों के आईपीओ आ रहे हैं. इनमें दो SME और एक मेनबोर्ड का आईपीओ है. बता दें कि जब भी कोई कंपनी पहली बार अपने शेयर्स को लोगों (पब्लिक) के लिए ऑफर करती है तो इसे आईपीओ (Initial Public Offering) कहते हैं.
इस बीच 5 मई से निवेशकों के लिए एक मेनबोर्ड का आईपीओ खुलने जा रहा है. आईपीओ लाने वाली कंपनी ब्लैकस्टोन के समर्थन वाली Bagmane Prime Office REIT है. कंपनी इस आईपीओ के जरिए कुल 3405 करोड़ रुपये जुटाएगी. आइए इस आईपीओ से जुड़ी खास जानकारी को जानते हैं और इसके साथ ही कंपनी के मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) Ashay Shah से जानेंगे कि आखिर इस आईपीओ से मिलने वाले पैसों का इस्तेमाल कंपनी कहां करने की प्लानिंग में है.
बैगमैन प्राइम ऑफिस आरईआईटी आईपीओ
आईपीओ मार्केट में Bagmane Prime Office REIT का IPO 5 मई 2026 से खुल रहा है. इसको सब्सक्राइब करने की आखिरी डेट 7 मई 2026 है. कंपनी आईपीओ के माध्यम से कुल 3405 करोड़ रुपये जुटाएगी. Bagmane Prime Office REIT IPO का प्राइस बैंड 95 रुपये से लेकर 100 रुपये प्रति शेयर है. स्टॉक एक्सचेंज BSE की आधिकारिक वेबसाइट से मिली जानकारी के मुताबिक, इस आईपीओ के एक लॉट में 800 शेयर हैं. इसकी संभावित अलॉटमेंट डेट 12 मई है. वहीं, स्टॉक एक्सचेंज NSE और BSE पर Bagmane Prime Office REIT IPO के शेयरों की संभावित लिस्टिंग 15 मई 2026 को हो सकती है.
बुक रनिंग लीड मैनेजर और रजिस्ट्रार
Bagmane Prime Office REIT IPO के बुक रनिंग लीड मैनेजर में कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी लिमिटेड, JM फाइनेंशियल लिमिटेड, Axis Capital Limited, IIFL Capital Services Limited, SBI Capital Markets Limited, 360 ONE WAM Limited और HDFC Bank Limited शामिल हैं. वहीं, इसका रजिस्ट्रार KFin Technologies Private Limited है. आप आईपीओ के अलॉटमेंट स्टेट को रजिस्ट्रार की वेबसाइट पर जाकर चेक कर सकते हैं.
कहां होगा फंड का इस्तेमाल?
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, ब्लैकस्टोन के समर्थन वाली Bagmane Prime Office REIT ने बीते दिनों अपने 3,405 करोड़ रुपये के शुरुआती पब्लिक ऑफर (IPO) के लिए ₹95–100 प्रति यूनिट का प्राइस बैंड घोषित किया था. बेंगलुरु स्थित यह रियल एस्टेट इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट, ग्रेड A+ ऑफिस स्पेस का मालिक है और उन्हें विकसित करता है.
IPO के बारे में बात करते हुए, Bagmane Prime Office REIT के मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) Ashay Shah कहते हैं, “यह IPO ₹3,405 करोड़ का है, जिसमें से ₹2,390 करोड़ का प्राइमरी इश्यू है और ₹1,015 करोड़ का सेकेंडरी इश्यू है. सेकेंडरी बिक्री Blackstone द्वारा की जा रही है, जिसमें वे उस हिस्सेदारी को आंशिक रूप से बेच रहे हैं, जिसे उन्होंने पहले Bagmane Group के साथ हासिल किया था. प्राइमरी इश्यू से मिलने वाले फंड का ज्यादातर इस्तेमाल एसेट्स के अधिग्रहण के लिए किया जाएगा, जो कि गठन सौदे का हिस्सा है. इस पैसे में से, हम एक SPV और एक एसेट को खरीदने की योजना बना रहे हैं, जिनका जिक्र पहले ही हमारे ऑफर डॉक्यूमेंट में किया जा चुका है.”
खुलेंगे ये दो SME IPO
मेनबोर्ड आईपीओ के अलावा अगले हफ्ते दो SME IPO भी खुल रहे हैं. Value 360 Communications Ltd. का आईपीओ 4 मई से 6 मई 2026 के लिए खुल रहा है. कंपनी इस एसएमई आईपीओ के जरिए कुल 41.69 करोड़ रुपये जुटाएगी. इसका प्राइस बैंड 95 रुपये से 98 रुपये प्रति शेयर और लॉट साइज 1200 शेयरों का है.
वहीं, दूसरा आईपीओ Recode Studios Ltd का है. यह 5 मई से 7 मई 2026 के लिए खुल रहा है. कंपनी इस आईपीओ के जरिए कुल 44.59 करोड़ रुपये जुटाएगी. इस आईपीओ का प्राइस बैंड 150 रुपये से 158 रुपये प्रति शेयर है. इसके एक लॉट में 800 शेयर्स हैं.
Disclaimer: यह आर्टिकल केवल जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से निवेश सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. Live Times अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.
यह भी पढ़ें: 5 मई है इस IPO में पैसे लगाने का आखिरी दिन, कितना गुना हुआ सब्सक्राइब? जानें एक-एक डिटेल्स
